भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का राष्ट्रीय टीम में वापसी करने का इंतजार खत्म हो गया है। शमी को इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट में खेले जा रहे तीसरे टी20 मुकाबले के लिए भारत की प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। इस तरह शमी 14 महीने बाद भारतीय जर्सी में खेलते नजर आएंगे। शमी आखिरी बार भारत के लिए वनडे विश्व कप 2023 फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले थे।
भारत ने तीसरे टी20 मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने लगातार तीसरे मैच में टॉस जीता और फील्डिंग का फैसला किया। सूर्यकुमार ने टॉस के दौरान बताया कि इस मैच के लिए टीम में एक बदलाव किया गया है और तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की जगह मोहम्मद शमी को प्लेइंग-11 में मौका दिया गया है।
टखने की हुई थी सर्जरी
विश्व कप के दौरान शमी चोटिल हो गए थे जिसके बाद उनकी साल 2024 की शुरुआत में टखने की सर्जरी हुई थी। इसके बाद उन्होंने घरेलू क्रिकेट में वापसी की। बीच में खबर आई थी कि तेज गेंदबाज बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के जरिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेंगे। हालांकि, फिटनेस संबंधी कारणों से ऐसा संभव नहीं हो सका। शमी को इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए 15 सदस्यीय स्क्वॉड का हिस्सा बनाया गया था, लेकिन उन्हें कोलकाता और चेन्नई में खेले गए पहले दो मैचों के लिए जगह नहीं मिली थी। शमी की वापसी में देरी होने से उनकी फिटनेस को लेकर अटकलें लगनी लगी थी। हालांकि, अब वह वापसी करने में सफल रहे।
घरेलू क्रिकेट में बिखेरी थी चमक
पिछले साल सर्जरी के बाद 34 वर्षीय गेंदबाज ने नवंबर में घरेलू क्रिकेट में खेलना शुरू किया था। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बंगाल के लिए सभी नौ टी20 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 7.85 के इकोनॉमी रेट से 11 विकेट हासिल किए। वहीं, विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने सात में से सिर्फ तीन मैच ही खेले और मात्र तीन ही विकेट ले सके। इसके बाद शमी पैर में सूजन के कारण इस टूर्नामेंट बाहर हो गए थे।
तीसरे टी20 के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग-11 इस प्रकार है...
भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), ध्रुव जुरेल, हार्दिक पांड्या, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी, रवि बिश्नोई, वरुण चक्रवर्ती।
इंग्लैंड: फिल सॉल्ट (विकेटकीपर), बेन डकेत, जोस बटलर (कप्तान), हैरी ब्रूक, लियाम लिविंगस्टोन, जैमी स्मिथ, जैमी ओवरटन, ब्राइडन कार्से, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, मार्क वुड।