विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण शान के साथ किया। उन्हाेंने 32 गेंद में 56 रन की पारी खेलकर भारत को बेखौफ और उन्मुक्त बल्लेबाजी के नए फलसफे पर अमल करते रहने का हौसला दिया। राहुल के पहले ही ओवर में आउट होने के बावजूद किशन ने बिना विचलित हुए पहली ही गेंद पर आर्चर को चौका लगाकर भारतीय टीम के तेवर जाहिर कर दिए।
पिछली पांच पारियों में से तीन में खाता भी नहीं खोल सके कप्तान कोहली के भी फॉर्म में लौटने से टीम इंडिया का आत्मविश्वास बढ़ा है। गेंदबाजों ने इंग्लैंड को 164 रन पर रोककर अपने काम को बखूबी अंजाम दिया। हार्दिक पंड्या ने लंबे समय बाद चार ओवर डाले और इससे भारत को अतिरिक्त बल्लेबाज को लेकर उतरने की सहूलियत मिली। पंत से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है जिन्हें बल्लेबाजी क्रम में श्रेयस अय्यर से ऊपर चौथे नंबर पर भेजा गया है। पंत दोनों पारियों में अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके। भारतीय टीम विजयी एकादश में बदलाव नहीं करना चाहेगी। हालांकि नियमित सलामी बल्लेबाज रोहित की वापसी संभव है।
वहीं इंग्लैंड की टीम वापसी के इरादे से उतरेगी। चोट के कारण दूसरे मैच में नहीं खेल सके मार्क वुड की गैर मौजूदगी में इंग्लैंड का आक्रमण प्रभावी नहीं लगा। कप्तान इयोन मोर्गन ने हालांकि कहा कि वह अगले मैच में खेलेंगे। ओपनर जेसन रॉय दोनों पारियों में फॉर्म में लगे लेकिन अर्द्धशतक से चूक गए। वह अगले मैच में बेहतर प्रदर्शन करना चाहेंगे।
भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, लोकेश राहुल, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, हार्दिक पांड्या, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, नवदीप सैनी, दीपक चाहर, राहुल तेवतिया, इशान किशन (रिजर्व विकेटकीपर)।
इंग्लैंड: इयॉन मॉर्गन (कप्तान), जोस बटलर, जेसन रॉय, लियाम लिविंगस्टोन, डेविड मलान, बेन स्टोक्स, मोईन अली, आदिल राशिद, रीस टॉपले, क्रिस जॉर्डन, मार्क वुड, सैम करन, टॉम करन, सैम बिलिंग्स, जॉनी बेयरस्टो और जोफ्रा आर्चर।