फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG: कप्तान बनने के बाद से सूर्यकुमार के फॉर्म में आई गिरावट? रोहित-गुप्टिल की सूची में शामिल हुए बटलर

Sun, 26 Jan 2025 10:38 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई

सार

सूर्यकुमार तीन प्रारूपों में से बस टी20 में भारतीय टीम का हिस्सा हैं, लेकिन उनका बल्ला नहीं चल रहा है। यही वजह है कि शनिवार को साल 2024 की सर्वश्रेष्ठ टी20 टीम में भी उन्हें जगह नहीं दी गई थी। वहीं, इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर का शानदार फॉर्म जारी है।
विज्ञापन
सूर्यकुमार यादव - फोटो : BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत और इंग्लैंड के बीच शनिवार को पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला चेन्नई में खेला गया। टीम इंडिया ने इस मैच को दो विकेट से अपने नाम किया। 166 रन के लक्ष्य को भारत ने चार गेंद रहते हासिल किया। तिलक वर्मा ने बेहतरीन अर्धशतक लगाकर टीम इंडिया को जीत दिलाई। हालांकि, इस मैच में चर्चा का विषय कप्तान सूर्यकुमार यादव का बल्ला नहीं चल पाना रहा। वह महज 12 रन बनाकर आउट हो गए। पिछले साल टी20 कप्तान नियुक्त किए जाने के बाद से सूर्यकुमार के फॉर्म में गिरावट आई है। यह हम नहीं, बल्कि उनके आंकड़े बता रहे हैं।
विज्ञापन


सूर्यकुमार तीन प्रारूपों में से बस टी20 में भारतीय टीम का हिस्सा हैं, लेकिन उनका बल्ला नहीं चल रहा है। यही वजह है कि शनिवार को साल 2024 की सर्वश्रेष्ठ टी20 टीम में भी उन्हें जगह नहीं दी गई थी। वहीं, इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर का शानदार फॉर्म जारी है। चेन्नई में 45 रन की अपनी पारी के बाद वह रोहित शर्मा और मार्टिन गुप्टिल की एक खास सूची में शामिल हो गए। आइए जानते हैं...

सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन
भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पिछले साल टी20 विश्व कप के बाद से 12 मैचों में महज 242 रन ही बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 22 का रहा, जबकि स्ट्राइक रेट 165.75 का है। इस दौरान वह सिर्फ दो अर्धशतक लगा पाए हैं। टी20 विश्व कप 2024 के बाद गौतम गंभीर के कोच बनने के बाद सूर्यकुमार को कप्तान नियुक्त किया गया था, लेकिन जिम्मेदारी की वजह से वह कुछ खास प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं। उनके आंकड़े देखें तो साल 2023 में इस विस्फोटक बल्लेबाज ने 17 टी20 अंतरराष्ट्रीय पारियों में 48.87 की औसत और 155.96 के स्ट्राइक रेट से 733 रन बनाए थे। इनमें दो शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, साल 2022 में 46.56 की औसत और 187.44 के स्ट्राइक रेट से 31 पारियों में 1164 रन बनाए थे। इनमें दो शतक और नौ अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, 2024 में 17 पारियों में 26.81 की औसत और 151.59 के स्ट्राइक रेट से 429 रन बनाए। इनमें चार अर्धशतक शामिल हैं। इस साल दो पारियों में सूर्यकुमार 12 रन बना सके हैं। उनका स्ट्राइक रेट 120 का और औसत छह का रहा है। दो में से एक पारी में वह खाता भी नहीं खोल पाए थे।

सूर्यकुमार का साल दर साल प्रदर्शन
साल पारी शतक अर्धशतक शून्य उच्चतम स्कोर रन स्ट्राइक रेट
2021 9 0 3 1 62 244 155.41
2022 31 2 9 2 117* 1164 187.44
2023 17 2 5 0 112* 733 155.96
2024 17 0 4 0 75 429 151.59
2025 2* 0 0 1 12 12 120.00
कुल 76 4 21 4 117 2582 167.55

कप्तान बनने से पहले और बाद में प्रदर्शन
सूर्यकुमार ने मार्च 2021 में टी20 डेब्यू किया था। तब से पिछले साल टी20 विश्व कप फाइनल यानी 29 जून 2024 तक उन्होंने भारत के लिए 65 पारियों में 43.33 के बेहतरीन औसत और 167.74 के स्ट्राइक रेट से 2340 रन बनाए थे। इनमें चार शतक और 19 अर्धशतक शामिल हैं। हालांकि, कप्तान बनने के बाद से उनके आंकड़े देखें तो सूर्यकुमार ने 11 पारियों में 22 की औसत और 165.75 के स्ट्राइक रेट से 242 रन बनाए हैं। भारत को अगले साल अपने घर पर टी20 विश्व कप खेलना है और सूर्यकुमार का फॉर्म में आना बेहद जरूरी है। इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज सबसे बेहतर मौका है। 
 
समय मैच रन स्ट्राइक रेट 100/50
टी20 कप्तान बनने से पहले 68 2340 167.74 4/19
टी20 कप्तान बनने के बाद 12 242 165.75 0/2
 
टी20 विश्व कप 2024 के बाद भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन
खिलाड़ी मैच रन उच्चतम
स्कोर
औसत स्ट्राइक
रेट
100 50
संजू सैमसन 14 467 111 42.45 174.25 3 1
तिलक वर्मा 6 371 120* 185.50 175.00 2 1
अभिषेक शर्मा 14 347 100 26.69 183.59 1 2
शुभमन गिल 7 243 66 40.50 129.25 0 2
सूर्यकुमार यादव 12 242 75 22.00 165.75 0 2
यशस्वी जायसवाल 6 221 93* 44.20 170.00 0 1
हार्दिक पांड्या 11 218 47 36.33 146.30 0 0
विज्ञापन

बटलर खास सूची में हुए शामिल
वहीं, जोस बटलर ने दूसरे टी20 में भी अच्छी पारी खेली और अपनी टीम की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे, लेकिन इंग्लैंड को जीत नहीं दिला सके। बटलर ने पहले टी20 में 44 गेंद पर आठ चौके और दो छक्के की मदद से 68 रन बनाए थे। वहीं, दूसरे टी20 में उन्होंने 30 गेंद में दो चौके और तीन छक्के की मदद से 45 रन बनाए। तीन छक्के लगाते ही बटलर ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में 150 छक्के भी पूरे कर लिए। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में 150 छक्के पूरे करने वाले सिर्फ चौथे खिलाड़ी हैं। इस लिस्ट में रोहित शर्मा 205 छक्कों के साथ शीर्ष पर हैं। वहीं, मार्टिन गुप्टिल 173 छक्कों के साथ दूसरे और यूएई के मोहम्मद वसीम 158 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। बटलर के नाम 151 छक्के हैं। दूसरे टी20 में उन्हें अक्षर पटेल ने आउट किया। बटलर का हाल फिलहाल में अक्षर के खिलाफ रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है। साल 2024 से दोनों टी20 में पांच मौकों पर आमने-सामने आए हैं। इस दौरान बटलर ने अक्षर की 17 गेंद का सामना किया है और 23 रन बना पाए हैं। अक्षर ने इन पांच में से तीन मौकों पर बटलर को आउट किया है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें