फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG ODI: विराट की वापसी पर श्रेयस-यशस्वी में कौन होगा बाहर? राहुल-कुलदीप की जगह इन्हें मिल सकता है मौका

Sun, 09 Feb 2025 09:37 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कटक।

सार

विराट के घुटने में नागपुर में हुए वनडे मैच से पहले सूजन आ गई थी। उनकी जगह पर श्रेयस अय्यर को अंतिम क्षणों में टीम में शामिल किया गया था। नागपुर में प्लेयर ऑफ द मैच बने गिल का कहना है कि कोहली की चोट पर घबराने वाली बात नहीं है।
विज्ञापन
भारत बनाम इंग्लैंड दूसरा वनडे - फोटो : BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय टीम रविवार को जब दूसरे वनडे में इंग्लैंड का सामना करेगी तो सबकी नजर विराट कोहली पर टिकी होगी। विराट पहले वनडे में घुटने की चोट की वजह से नहीं खेले थे। प्रैक्टिस के दौरान भी वह दाएं घुटने पर बैंड लगाए हुए दिखे थे। हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ 87 रन की पारी खेलकर भारत को चार विकेट से जीत दिलाने वाले शुभमन गिल ने स्पष्ट किया है कि विराट कोहली की चोट गंभीर नहीं है और वह नौ फरवरी को कटक में होने वाले दूसरे वनडे में खेलने उतरेंगे।
विज्ञापन


विराट के घुटने में नागपुर में हुए वनडे मैच से पहले सूजन आ गई थी। उनकी जगह पर श्रेयस अय्यर को अंतिम क्षणों में टीम में शामिल किया गया था। नागपुर में प्लेयर ऑफ द मैच बने गिल का कहना है कि कोहली की चोट पर घबराने वाली बात नहीं है। ऐसे में अब सवाल यह उठता है कि दूसरे वनडे में श्रेयस और यशस्वी जायसवाल में से किसे बाहर किया जाएगा? हालांकि, श्रेयस ने जिस तरह की पारी खेली, उनके बाहर होने की संभावना कम है।

विराट कोहली - फोटो : BCCI
बोर्ड ने स्थिति नहीं की स्पष्ट
विराट के नागपुर वनडे में नहीं खेलने के चलते उनके 19 फरवरी से शुरू होने जा रही चैंपियंस ट्रॉफी में फिटनेस को लेकर सवालिया निशान लग पड़े थे। हालांकि गिल ने विराट के दूसरे वनडे में खेलने की बात जरूर कही है, लेकिन विराट की चोट की गंभीरता को लेकर बीसीसीआई की मेडिकल टीम से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। विराट बीते माह गर्दन में खिचाव के चलते दिल्ली के लिए सौराष्ट्र के खिलाफ रणजी मैच में भी नहीं खेले थे, हालांकि वह रेलवे के खिलाफ रणजी मैच में खेले और सस्ते में आउट हो गए। विराट अगर दूसरे वनडे में खेलते हैं तो उन्हें अपनी फॉर्म और फिटनेस दोनों साबित करनी होगी।

यशस्वी, कोहली और श्रेयस - फोटो : Twitter
श्रेयस को बाहर करना होगा कठिन
विराट कटक वनडे में खेलने पर चयन को लेकर एक बार फिर स्थितियां पेचीदा हो जाएंगी। विराट के नहीं खेलने पर टीम में अंतिम क्षणों श्रेयस अय्यर को शामिल किया गया। श्रेयस ने कहा भी कि वह मैच से पहले की रात फिल्म देख रहे थे, तब उनके पास कप्तान रोहित का फोन आया कि विराट के घुटने में सूजन है और उन्हें कम मैच खेलना पड़ सकता है। इसके बाद वह फिल्म छोड़कर सोने चले गए। श्रेयस ने 36 गेंद में 59 रन की धमाकेदार पारी खेली और गिल के साथ 94 रन की साझेदारी की। श्रेयस की इस पारी के बाद उन्हें दूसरे वनडे से बाहर करना कठिन फैसला होगा। पंजाब किंग्स के कोच रिकी पोंटिंग ने भी श्रेयस की वकालत करते हुए कहा, उन्हें हैरानी है कि श्रेयस सफेद गेंद के प्रारूप में टीम का नियमित हिस्सा नहीं हैं।

रोहित शर्मा - फोटो : X
समीकरण रोहित पर बना रहे दबाव
शुभमन गिल ने भी 87 रन की पारी खेलकर अपनी जगह पक्की कर ली है। विराट की टीम में वापसी यशस्वी को बाहर करने पर हो सकती है, जिन्होंने अपने पहले मैच में 15 रन बनाए थे। ऐसे में गिल ओपनिंग करने उतर सकते हैं। चयन को लेकर ये सारे समीकरण रोहित शर्मा पर और ज्यादा दबाव बना रहे हैं। वही एक ऐसे बल्लेबाज हैं जो लंबे समय से रन नहीं बना रहे हैं। नागपुर में भी वह सात गेंद में दो रन बना सके। फॉर्म में नहीं होने के कारण उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने को सिडनी टेस्ट से खुद बाहर कर लिया था। हालांकि, अभी यह पहला वनडे है और खुद को बाहर करने की नौबत कटक में नहीं आनी चाहिए, लेकिन यह तय है रोहित जब कटक में बल्लेबाजी के लिए उतरेंगे तो उन पर रन बनाने का अत्यधिक दबाव होगा। रोहित के साथ गिल ओपनिंग उतर सकते हैं, जबकि कोहली तीसरे और फिर श्रेयस का नंबर आएगा।

गंभीर और रोहित - फोटो : BCCI
रोहित के साथ गंभीर चर्चा
रोहित के बल्ले से रन नहीं निकलने का दर्द नागपुर में इंग्लैंड के खिलाफ मैच खत्म होने के बाद कोच गौतम गंभीर से बातचीत के दौरान उनके चेहरे पर साफ दिखाई दिया। गंभीर और रोहित के बीच लंबी मंत्रणा चली, लेकिन रोहित के चेहरे की भाव-भंगिमाएं बता रही थीं यह चर्चा गंभीर थी। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि यह चर्चा रोहित की खुद की बल्लेबाजी को लेकर थी और चैंपियंस ट्रॉफी की रणनीति को लेकर।

पंत और राहुल - फोटो : BCCI
राहुल पर पंत को दी जाएगी तरजीह?
देखने वाली बात यह भी होगी कि क्या टीम मैनेजमेंट एक मैच में केएल राहुल को आजमाने के बाद ऋषभ पंत को भी परखना चाहेगा। पहले मैच में राहुल को मौका मिला, लेकिन वह दो रन ही बना सके। ऐसे में पंत को मौका दिया जा सकता है और दोनों में से बेहतर खेलने वाले को आखिरी वनडे के रूप में एक और मैच की प्रैक्टिस मिल सकती है। इसके अलावा वरुण चक्रवर्ती को भी चैंपियंस ट्रॉफी टीम में शामिल करने की चर्चा बढ़ गई है। चोट से वापसी कर रहे कुलदीप यादव ने पहले वनडे में 9.4 ओवर में 53 रन खर्च किए थे और सिर्फ एक विकेट लिया था। ऐसे में कुलदीप की जगह वरुण को मौका दिया जा सकता है।

गंभीर और रोहित - फोटो : BCCI
गिल बोले नंबर तीन पर खेलने में दिक्कत नहीं
वनडे में अमूमन ओपनिंग पर उतरने वाले शुभमन गिल ने कहा, उन्हें नंबर तीन स्थान पर खेलने में कोई दिक्कत नहीं है, क्यों कि वह टेस्ट में इसी क्रम पर खेलते हैं, इस लिए उन्हें इस स्थान पर ज्यादा तारतम्य नहीं बिठाना पड़ता है। हालांकि इस स्थान पर बल्लेबाजी करना हमेश चुनौतीपूर्ण होता है। अगर टीम के जल्दी विकेट गिरते हैं तो आपको संभलकर खेलना होता है और ओपनिंग जोड़ी ने तेजी से रन बनाए होते हैं तो उसी हिसाब से बल्लेबाजी करनी होती है। मैं हमेशा स्थिति के अनुसार इस क्रम पर खेलने की कोशिश करता हूं। भारतीय टीम के युवा क्रिकेटरों की ओर से स्पिनरों के खिलाफ स्वीप और रिवर्स स्वीप के अत्यधिक प्रयोग पर गिल ने कहा, यह टीम की रणनीति नहीं बल्कि व्यक्तिगत पसंद है।
विज्ञापन

अक्षर पटेल-शुभमन गिल - फोटो : BCCI
दूसरे वनडे के लिए भारत की संभावित प्लेइंग-11: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल/ऋषभ पंत, अक्षर पटेल, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी/अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव/वरुण चक्रवर्ती।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें