फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG: ईडन गार्डंस पर भारतीय टीम की टी20 में लगातार सातवीं जीत, वरुण-अर्शदीप के बाद चमके अभिषेक शर्मा

Wed, 22 Jan 2025 10:34 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता

सार

India vs England 1st T20 Highlights : इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 132 रन बनाए थे, लेकिन अभिषेक ने 34 गेंदों पर पांच चौकों और आठ छक्कों की मदद से 79 रन बनाए जिसके दम पर भारत ने 12.5 ओवर में तीन विकेट पर 133 रन बनाकर मैच जीता।
विज्ञापन
भारत बनाम इंग्लैंड - फोटो : BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की तूफानी पारी के दम पर भारत ने इंग्लैंड को पहले टी20 मैच में सात विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 132 रन बनाए थे, लेकिन अभिषेक ने 34 गेंदों पर पांच चौकों और आठ छक्कों की मदद से 79 रन बनाए जिसके दम पर भारत ने 12.5 ओवर में तीन विकेट पर 133 रन बनाकर मैच जीता। इंग्लैंड की ओर से तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने दो विकेट और आदिल राशिद ने एक विकेट लिया।  
विज्ञापन

भारत की इस मैदान पर सातवीं जीत - फोटो : BCCI
किसी मैदान पर लगातार जीत दर्ज करने वाली संयुक्त रूप से दूसरी टीम बनी टीम इंडिया
कोलकाता के ईडन गार्डंस में भारत की यह लगातार सातवीं टी20 अंतरराष्ट्रीय में जीत है। इसी के साथ टीम इंडिया ने पाकिस्तान की बराबरी कर ली है। दरअसल, पाकिस्तान ने 2008-21 के बीच में कराची के मैदान पर कुल सात मुकाबले जीते। इस मामले में शीर्ष पर इंग्लैंड की टीम है। इस टीम ने 2010-21 के बीच में कार्डिफ में लगातार आठ मुकाबले अपने नाम किए।

अभिषेक शर्मा - फोटो : BCCI
इंग्लैंड पर हावी हुए अभिषेक
कम स्कोर का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को संजू सैमसन और अभिषेक ने अच्छी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े। हालांकि, आर्चर ने पहले सैमसन (26) और फिर कप्तान सूर्यकुमार यादव को खाता खोले बिना आउट किया जिससे भारत की पारी लड़खड़ा गई। हालांकि, अभिषेक ने इसके बाद हाथ खोले और महज 20 गेंदों पर पचासा जड़ दिया। अभिषेक ने इंग्लैंड के हर गेंदबाज को निशाना बनाया। अभिषेक इसके साथ ही टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले संयुक्त रूप से तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए। अभिषेक की पारी का अंत आदिल राशिद ने किया। फिर तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या ने जीत की औपचारिकता पूरी की। तिलक 16 गेंदों पर 19 रन और हार्दिक चार गेंदों पर तीन रन बनाकर नाबाद लौटे।
विज्ञापन

भारतीय टीम - फोटो : BCCI
भारतीय गेंदबाजों ने बरपाया कहर
इससे पहले, स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के नेतृत्व में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया जिससे इंग्लैंड की पारी 132 रन पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड के लिए कप्तान जोस बटलर ने अर्धशतक जड़ा और 44 गेंदों पर आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से 68 रन बनाए। इंग्लैंड के सिर्फ तीन ही बल्लेबाज दहाई अंक तक पहुंच सके और बटलर के अलावा अन्य कोई बल्लेबाज प्रभावित नहीं कर सका। भारत ने इस मैच के लिए अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को प्लेइंग-11 में जगह नहीं दी थी, लेकिन अर्शदीप सिंह ने जिम्मा संभाला और शुरुआत में ही मेहमान टीम को दो झटके देकर भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई। अर्शदीप इसके साथ ही भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे सफल गेंदबाज बन गए। भारत के लिए वरुण ने तीन विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल को दो-दो विकेट मिले। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें