बांग्लादेश के खिलाफ 19 सितंबर से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले के लिए भारतीय क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी गई है। तेज गेंदबाज यश दयाल और आकाश दीप को राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है, जबकि रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम में ऋषभ पंत की भी वापसी हुई है। बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज से भारत के लिए लंबे टेस्ट सत्र की शुरुआत होगी। बांग्लादेश के बाद भारत को साल के आखिर में न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया से सबसे लंबे प्रारूप में भिड़ना है। बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में टीम का प्रदर्शन इस लिए महत्वपूर्ण होगा।
ऑस्ट्रेलिया की 2003 और 2007 वनडे विश्व कप जीतने वाली टीम के सदस्य ब्रैड हॉग ने पहले टेस्ट में भारतीय टीम की संभावित प्लेइंग इलेवन पर दिलचस्प राय दी है। हॉग ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'मैं बांग्लादेश के खिलाफ भारत के लिए पहले टेस्ट मैच में जिस प्लेइंग-11 को चुनने जा रहा हूं, उसमें जायसवाल, रोहित शर्मा बल्लेबाजी का आगाज करेंगे। गिल नंबर तीन, कोहली चार पर और जडेजा पांचवें स्थान पर खेलेंगे। मैंने ऐसा बस बाएं हाथ और दाएं हाथ के संयोजन को बनाए रखने के लिए किया है। इसके बाद सरफराज खान और ऋषभ पंत आएंगे और फिर गेंदबाजों आएंगे। इनमें अश्विन, कुलदीप यादव, सिराज और बुमराह शामिल हैं।'
उन्होंने कहा, 'यह टीम ऑस्ट्रेलिया में भी अच्छा प्रदर्शन करेगी। इसलिए उन्हें ऑस्ट्रेलियाई दौरे के लिए एक तरह से वार्म अप करना शुरू करना होगा। बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज उनके लिए अच्छी शुरुआत होगी। मेरी प्लेइंग इलेवन में केएल राहुल या अक्षर पटेल नहीं हैं।'
बांग्लादेश टेस्ट सीरीज के पहले टेस्ट के लिए भारतीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल, सरफराज खान, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), आर अश्विन, आर जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, शार्दुल ठाकुर। सिराज, आकाश दीप, जसप्रीत बुमराह, यश दयाल।