भारतीय टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ एशिया कप के सुपर चार चरण के मैच के लिए प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। भारत ने इस मैच में भी विजयी संयोजन को बरकरार रखा है और तीन स्पिनर और एक विशेषज्ञ तेज गेंदबाज पर भरोसा जताया है। दूसरी ओर, बांग्लादेश के कप्तान लिटन दास इस मुकाबले में नहीं खेल रहे हैं। वह चोट के कारण इस मैच का हिस्सा नहीं हैं। उनकी जगह जाकिर अली नेतृत्व कर रहे हैं।
बांग्लादेश टीम में चार बदलाव
बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। बांग्लादेश ने टीम में चार बदलाव किए हैं, जबकि भारत प्लेइंग 11 में बिना किसी बदलाव के उतरेगी। भारतीय टीम एशिया कप में अब तक अजेय रही है और यह उसका टूर्नामेंट में पांचवां मुकाबला है। भारत अगर यह मैच अपने नाम करने में सफल रहा तो फाइनल के लिए दावेदारी मजबूत कर लेगा।
अर्शदीप को फिर नहीं मिला मौका
भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पाकिस्तान के खिलाफ महंगे साबित हुए थे और वह इस मैच में वापसी के इरादे से उतरेंगे। बुमराह ने पाकिस्तान के खिलाफ चार ओवर के अपने स्पैल में 45 रन दिए, जबकि उन्हें एक भी सफलता नहीं मिली। बुमराह ने इस दौरान 11.20 की इकॉनोमी से रन लुटाए थे। वहीं, यह देखना भी दिलचस्प होगा कि भारतीय टीम अक्षर पटेल से कितनी गेंदबाजी कराती है क्योंकि इस स्पिनर ने पाकिस्तान के खिलाफ सिर्फ एक ओवर डाला था। वहीं, एक बार फिर अर्शदीप सिंह को मौका नहीं मिला है जो ओमान के खिलाफ प्लेइंग-11 में शामिल थे। भारत ने पांच में से सिर्फ एक बार प्लेइंग-11 में बदलाव किया है। उसने ओमान के खिलाफ बुमराह और वरुण चक्रवर्ती की जगह अर्शदीप और हर्षित राणा को मौका दिया था।
दोनों टीमों की प्लेइंग 11 इस प्रकार है...
भारत: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।
बांग्लादेश: सैफ हसन, तंजीद हसन तमीम, परवेज हुसैन इमोन, तौहीद हृदोय, शमीम हुसैन, जाकिर अली (विकेटकीपर/कप्तान), मोहम्मद सैफुद्दीन, रिशाद हुसैन, तंजीम हसन साकिब, नसुम अहमद, मुस्तफिजुर रहमान।