कोहली अपने निजी जीवन को सुर्खियों से दूर रखना पसंद करते हैं। यही वजह है कि वह कई बार पत्रकारों को बच्चों वामिका और अकाय से दूर रहने के लिए कह चुके हैं। ऐसे में कथित तौर पर विराट ऑस्ट्रेलियाई मीडिया द्वारा उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को मीडिया द्वारा कैप्चर किए जाने से खुश नहीं थे। हवाई अड्डे पर ऑस्ट्रेलियाई पत्रकारों को उन्हें और उनके बच्चों को कैमरे में कैद करते देख कोहली कथित तौर पर अपना आपा खो बैठे। हालांकि, बाद में पता चला कि यह केवल एक गलतफहमी थी।
सेवन न्यूज के मुताबिक, कुछ पत्रकार ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड का इंटरव्यू ले रहे थे। तभी कोहली और उनके परिवार को हवाई अड्डे पर देखा गया। सभी पत्रकारों के कैमरे कोहली की ओर मुड़ गए, जिसे देखकर भारतीय स्टार खुश नहीं थे। वह इस तथ्य पर एक महिला टीवी रिपोर्टर के साथ तनावपूर्ण बातचीत में शामिल दिखे। उन्होंने कहा कि उनकी गोपनीयता का सम्मान नहीं किया जा रहा था।
हवाई अड्डे पर एक रिपोर्टर ने 7 न्यूज को बताया, 'इंतजार कर रहे कैमरों को देखने के बाद कोहली का गुस्सा फूट पड़ा। जो काफी हद तक गलतफहमी थी। उन्हें लगा कि मीडिया उनके बच्चों के साथ उनका वीडियो बना रहा है। वीडियो में विराट कोहली को यह कहते हुए सुना जा सकता है, 'मेरे बच्चों के साथ मुझे कुछ गोपनीयता चाहिए होती है। आप मुझसे पूछे बिना फिल्म नहीं कर सकते।'
हालांकि, मामला तब ठंडा हो गया जब कोहली को आश्वासन दिया गया कि उनके बच्चों को फिल्माया नहीं जा रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, कोहली ने आवश्यक आश्वासन मिलने के बाद चैनल 7 के एक कैमरामैन से हाथ भी मिलाया। कोहली ऑस्ट्रेलिया में अब तक कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। पर्थ में दूसरी पारी के शतक को छोड़कर विराट ने रन बनाने के लिए संघर्ष किया है। शतक के अलावा चार अन्य पारियों में विराट केवल 26 रन ही बना पाए हैं।
जहां तक बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की बात है तो सीरीज 1-1 से बराबर है। ऑस्ट्रेलिया ने एडिलेड टेस्ट में जीत दर्ज की थी और पर्थ में जीत के बाद भारत को मिली बढ़त को बराबर कर दिया था। दूसरी ओर ब्रिस्बेन का मुकाबला बारिश के लगातार व्यवधान के कारण ड्रॉ पर समाप्त हुआ।दोनों टीमों का अगला मुकाबला मेलबर्न में 26 दिसंबर से शुरू होने वाले बॉक्सिंग डे टेस्ट में होगा।