फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: सिडनी में ऑस्ट्रेलियाई फैंस को कोहली ने याद दिलाई स्मिथ-वॉर्नर की करतूत, इस तरह इशारा कर चिढ़ाया, देखें

Sun, 05 Jan 2025 12:38 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, सिडनी

सार

रोहित शर्मा ने कहा था कि उनकी टीम ऑस्ट्रेलियाई फैंस का मुंह बंद करना चाहती है। रविवार को विराट ने स्थानीय फैंस का मुंह बंद भी कर दिया। उन्हें 2018 में ऑस्ट्रेलिया के दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान हुए सैंडपेपर कांड के दृश्यों की नकल करते देखा गया।
विज्ञापन
विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलियाई फैंस को जवाब दिया - फोटो : Twitter
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज कई वजहों से चर्चा में रही। इनमें सबसे बड़ी वजह भारतीय खिलाड़ियों के प्रति ऑस्ट्रेलियाई फैंस और ऑस्ट्रेलियाई मीडिया का व्यवहार रहा। हालांकि, इन सभी का जवाब में विराट कोहली ने सिडनी में पांचवें टेस्ट के दौरान दिया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी के दौरान ऑस्ट्रेलियाई फैंस और मीडिया को करारा जवाब दिया। विराट ने उन्हें सैंडपेपर गेट स्कैंडल की याद दिलाई। उन्हें 2018 में ऑस्ट्रेलिया के दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान हुए सैंडपेपर कांड के दृश्यों की नकल करते देखा गया। इसका वीडियो खूब वायरल हो रहा है।
विज्ञापन

विराट कोहली ने दिया करारा जवाब

दरअसल, टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने विराट कोहली का प्रमोशन इस तरह से किया था, जैसे यह सीरीज उन्हीं की वजह से बड़ी है। हालांकि, दूसरे टेस्ट के बाद ऑस्ट्रेलियाई मीडिया का दोहरा चरित्र सामने आया और उन्होंने विराट पर निशाना साधना शुरू किया। विराट की तस्वीरों को एडिट कर गलत तरीके से पेश किया गया। सिर्फ विराट नहीं, रोहित और बाकी भारतीय खिलाड़ियों पर भी इसी तरह से निशाना साधा गया। हालांकि, भारतीय खिलाड़ियों ने धैर्य बनाए रखा। शनिवार को रोहित शर्मा ने कहा था कि उनकी टीम ऑस्ट्रेलियाई फैंस का मुंह बंद करना चाहती है। रविवार को विराट ने स्थानीय फैंस का मुंह बंद भी कर दिया। 

विराट कोहली ने सैंडपेपर गेट स्कैंडल की याद दिलाई

विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलियाई फैंस को जवाब दिया - फोटो : Twitter
दरअसल, ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी के दौरान जब प्रसिद्ध कृष्णा ने तीसरे विकेट के रूप में स्टीव स्मिथ को आउट किया तो विराट स्टेडियम में मौजूद ऑस्ट्रेलियाई फैंस की तरफ मुड़े। उन्होंने खाली जेब दिखाई, फिर यह भी दिखाया कि उनके कपड़े के अंदर भी कोई सैंडपेपर नहीं है। न ही वह सैंडपेपर को गेंद पर रगड़ रहे हैं। कोहली का कहना का यह मतलब था कि जो विकेट टीम इंडिया ने लिए वह पूरी तरह से मेहनत के थे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की तरह जीत के लिए गलत या बेइमानी का मार्ग नहीं चुना। 

2018 में सैंडपेपर गेट स्कैंडल सुर्खियों में रहा था

2018 में बॉल टेम्परिंग विवाद सुर्खियों में रहा था। तब ऑस्ट्रेलिया का सामना दक्षिण अफ्रीका से चल रहा था। 2018 में सैंडपेपर स्कैंडल के दौरान पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ, कैमरन बैनक्रॉफ्ट और डेविड वॉर्नर घटना में शामिल पाए गए थे। केपटाउन में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरे टेस्ट के तीसरे दिन तीनों को गेंद से छेड़छाड़ करने के प्रयास का दोषी पाया गया था। इस घटना के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने वॉर्नर पर कप्तानी का आजीवन प्रतिबंध लगा दिया था। 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच के दौरान कैमरन बैनक्रॉफ्ट को गेंद पर सैंडपेपर लगाते हुए पकड़े जाने के बाद वॉर्नर और स्मिथ पर एक साल तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने पर प्रतिबंध लगाया गया था।

स्मिथ 10 हजार रन पूरे करने से चूके

स्टीव स्मिथ - फोटो : cricket.com.au twitter
स्मिथ भारत के खिलाफ सीरीज में 10,000 टेस्ट रन पूरा करने से चूक गए। दूसरी पारी के दौरान उन्हें पांच रन की जरूरत थी, लेकिन वह चार रन बनाकर आउट हो गए। ऑस्ट्रेलिया ने सिडनी में खेले गए पांचवें और आखिरी टेस्ट में भारत को छह विकेट से हरा दिया। भारतीय टीम ने कंगारुओं के सामने 162 रन का लक्ष्य रखा था। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने पहली पारी में 185 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 181 रन पर समाप्त हुई थी।
विज्ञापन

सिडनी टेस्ट में क्या हुआ

टीम इंडिया को दूसरी पारी में चार रन की बढ़त हासिल थी। भारत की दूसरी पारी 157 रन पर सिमट गई थी और कुल 161 रन की बढ़त हासिल की थी। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने सैम कोंस्टास (22), उस्मान ख्वाजा (41), मार्नस लाबुशेन (6) और स्टीव स्मिथ (4) के विकेट गंवाए। इसके बाद ट्रेविस हेड (34*) और ब्यू वेबस्टर (39*) ने 46 रन की नाबाद साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को जीत दिलाई। भारत दूसरी पारी में कप्तान जसप्रीत बुमराह के बिना उतरा था। बुमराह पीठ में जकड़न की समस्या से जूझ रहे हैं। उनकी जगह विराट कोहली ने कप्तानी की। भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने तीन विकेट लिए, जबकि सिराज को एक विकेट मिला।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें