भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज का अंतिम मुकाबला गुरुवार (नौ मार्च) को शुरू हुआ। इस सीरीज में इससे पहले नागपुर, दिल्ली और इंदौर में टेस्ट मैच हुए हैं। तीनों जगह एक बात समान थी कि वहां कि पिच की जमकर आलोचना हुई। अहमदाबाद भी इससे बच नहीं पाया। मैच के पहले दिन ही पिच की आलोचना भारत और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ियों ने की। हालांकि, इस बार बात अलग है और आरोप भी अलग तरह का लगाया गया है।
दरअसल, मैच से पूर्व दो पिचें तैयार की गई थीं। मैच के एक दिन पहले तक यह तय नहीं था कि किस पिच पर मुकाबला खेला जाएगा। यह फैसला बहुत देर से लिया गया। इस पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर मार्क वॉ भड़क गए। उन्होंने कहा, ''यह ठीक नहीं है। मैं इस बात को लेकर हैरान हूं कि किसी को कैसे पता नहीं होगा कि मुकाबला किस पिच पर होने वाला है।''
मार्क ने ऑस्ट्रेलिया का दिया उदाहरण
मार्क वॉ ने अपने देश का उदाहरण देते हुए कहा, ''ऑस्ट्रेलिया में तो ऐसा नहीं होता है। वहां ग्राउंड्समैन और क्यूरेटर्स को महीनों पहले से पता होता है कि मैच किस पिच पर होगा। इससे कैमरा, साइटस्क्रीन और दर्शकों के लिए अच्छी तैयारी की जाती है। भारत में कुछ अलग ही हो रहा है।'' मार्क वॉ ने तो इसकी तुलना काउंटी क्रिकेट से कर दी। उन्होंने कहा, ''ऐसा काउंटी में होता है। वहां दो या तीन पिचें तैयार की जाती हैं। विपक्षी टीम को देखकर अंत में फैसला होता है। मुझे इस बात का अंदाजा नहीं है कि यहां क्या हो रहा है, लेकिन इसे ठीक करना चाहिए।''
संजय मांजरेकर को याद आया 70-80 का दशक
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज संजय मांजरेकर भीअहमदाबाद में पिच से प्रभावित नहीं थे। उन्होंने इसकी तुलना 70 और 80 के दशक से की है। कमेंट्री के दौरान मांजरेकर ने कहा कि पिच बहुत ज्यादा ही बल्लेबाजी के अनुकूल थी। अहमदाबाद जैसी पिच घरेलू सीरीज में दुर्लभ थी, लेकिन यह भी सच है कि भारतीय गेंदबाजों ने अधिक विकेट लेने वाली गेंदें नहीं फेंकी।
मैच में अब तक क्या हुआ?
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उसने मैच के पहले दिन खेल समाप्त होने तक 90 ओवर में चार विकेट पर 255 रन बना लिए हैं। उस्मान ख्वाजा 104 रन बनाकर नाबाद हैं। कैमरून ग्रीन ने नाबाद 49 रन बना लिए हैं। ट्रेविस हेड 32 रन बनाकर रविचंद्रन अश्विन की गेंद पर आउट हुए। मार्नश लाबुशेन तीन रन के निजी स्कोर पर मोहम्मद शमी की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। स्टीव स्मिथ 38 रन बनाकर रवींद्र जडेजा की गेंद पर बोल्ड हो गए। पीटर हैंड्सकॉम्ब ने 17 रन बनाए। उन्हें शमी ने क्लीन बोल्ड किया।