भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने नागपुर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट में शानदार शतक लगाया। उन्होंने मैच के दूसरे दिन शुक्रवार (10 फरवरी) को पहली पारी में 120 रन बनाए। मुश्किल पिच पर उनके शतक से टीम इंडिया मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। रोहित के शतक की तारीफ भारत के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर ने की है। उन्होंने इसे स्पेशल बताया है। विक्रम का कहना है कि इस पर पिच पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं।
विक्रम राठौर ने मैच के अंत में कहा, "रोहित की यह विशेष पारी थी और उन्हें रन बनाते हुए देखना बहुत अच्छा अहसास है। उन्होंने धैर्य दिखाया। यह बहुत महत्वपूर्ण पारी थी, क्योंकि इस पिच पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं था।'' रोहित शर्मा के शतक के बाद रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल ने अर्धशतकीय पारी खेली। भारत ने पहली पारी में 144 रन की बढ़त हासिल कर ली है।
रोहित को यहां रन बनाने के लिए मेहनत करनी पड़ी: विक्रम
राठौर ने कहा, ''यह उनकी बल्लेबाजी की खूबी है। इंग्लैंड में उन्होंने तेज पिचों पर रन बनाए हैं, लेकिन अगर हम इस विशेष पारी की बात करें तो उन्हें अपने रनों के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी। आम तौर पर रोहित के साथ जब वह अपने पहले कुछ रन बनाते हैं, तो वह स्कोर को आगे बढ़ाते हैं। यहां उन्हें कड़ी मेहनत करनी पड़ी।''
भारत का स्कोर 300 के पार
मैच में फिलहाल टीम इंडिया मजबूत स्थिति में है। उसने ऑस्ट्रेलियाई टीम को पहली पारी में 177 रन पर ऑलआउट कर दिया था। वहीं, भारत ने पहली पारी में दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक सात विकेट पर 321 रन बना लिए हैं। वह पहली पारी में 144 रन से आगे है। रोहित ने 212 गेंद पर 120 रनों की पारी खेली। जडेजा 66 और अक्षर पटेल 52 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों ने आठवें विकेट के लिए 81 रनों की साझेदारी कर ली है।