ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 29 अक्तूबर से शुरू होने जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए शनिवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भारतीय टीम का एलान कर दिया। सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी। इस दौरा शुभमन गिल उनके डिप्टी होंगे। इस टीम में जसप्रीत बुमराह को शामिल किया गया है जबकि हार्दिक पांड्या चोटिल होने की वजह से टीम में जगह नहीं बना पाए।
हार्दिक चोट के कारण बाहर
हार्दिक पांड्या चोट की वजह से ऑस्ट्रेलिया दौरे पर नहीं नजर आएंगे। वह एशिया कप में श्रीलंका के खिलाफ सुपर-4 मुकाबले में चोटिल हो गए थे। उन्हें श्रीलंका के खिलाफ मैच के दौरान बाईं हैमस्ट्रिंग में ऐंठन के कारण मैदान से बाहर जाना पड़ा था, जिसकी वजह से वह पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल मैच भी नहीं खेल पाए थे। हार्दिक की जगह नीतीश कुमार रेड्डी को टीम में शामिल किया गया है।
वाशिंगटन सुंदर और नीतीश रेड्डी को मिला मौका
अजीत अगरकर के नेतृत्व वाली चयन समिति ने पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए टीम का एलान किया है। ये वही टीम है जिसने भारत को एशिया कप 2025 का खिताब जिताया था। टीम में वाशिंगटन सुंदर और नीतीश कुमार रेड्डी को शामिल किया गया है।
वनडे में नहीं खेलेंगे बुमराह, टी20 सीरीज में होगी वापसी
गिल के साथ अभिषेक शर्मा के सलामी बल्लेबाजी करने की उम्मीद है। संजू सैमसन और जितेश शर्मा विकेटकीपर होंगे। तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई जसप्रीत बुमराह करेंगे, जो वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेल रहे हैं। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए आराम दिया गया है जबकि टी20 में उनकी वापसी होगी। मुख्य चयनकर्ता ने बुमराह के कार्यभार प्रबंधन के बारे में भी बात की और कहा कि उन्हें वनडे टीम से बाहर इसलिए रखा गया ताकि उन पर ज्यादा काम का बोझ न पड़े। अगरकर ने कहा, 'हमने उन्हें पहले ही वनडे मैचों के लिए आराम दे दिया है। जब भी संभव हो, हम चोट के जोखिम को कम करने के लिए कार्यभार प्रबंधन करते हैं। सिराज जैसे अन्य खिलाड़ी भी काफी गेंदबाजी करते हैं, इसलिए सभी गेंदबाजों का प्रबंधन प्राथमिकता है।'