भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा मुकाबला एडिलेड में खेला जा रहा है। दूसरे दिन ट्रेविस हेड ने ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में भारतीय गेंदबाजों को निशाना बनाया और शतकीय पारी खेली। उन्होंने 141 गेंदों का सामना किया और 140 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 17 चौके और चार छक्के निकले। उनके इस प्रदर्शन पर बात करते हुए पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने भारतीय गेंदबाजों को लताड़ लगाई। उन्होंने कहा कि भारत ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज पर दबाव बनाने में नाकाम रहा है।
गावस्कर ने लगाई भारतीयों को लताड़
ब्रॉडकास्टर से बात करते हुए गावस्कर ने कहा कि भारतीय गेंदबाज बाउंसर नहीं कर पा रहे थे। यह हैरान करने वाला था। उन्होंने कहा, हेड हमेशा अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से भारत पर दबाव बनाने की कोशिश करते हैं और भारतीय गेंदबाज ऑस्ट्रेलियाई स्टार के साथ ऐसा नहीं कर पाए।
उन्होंने आगे कहा, हम हमेशा से इस विषय में बात करते हैं कि हेड को छोटी गेंद से परखने की जरूरत है। लेकिन भारतीय टीम कभी ऐसा नहीं करती है। वे कभी-कभी ऐसा करने की कोशिश करते हैं। यह हैरान करने वाला है। आपने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में इसके बारे में सुना होगा, जब हमने आखिरकार उसे बाउंस करना शुरू किया, तो वह थोड़ी असहज स्थिति में आ गया था।
'बाउंसर से परखने की कोशिश करनी चाहिए'
गावस्कर ने कहा, विश्व कप फाइनल में भी भारतीय गेंदबाजों ने उनका परीक्षण नहीं किया। यहां भी हमने बाउंसर के साथ शायद ही कभी उनको परखने की कोशिश की है। आपको इस तरह की पिचों पर गेंद को ऊपर की ओर डालना चाहिए। लेकिन भारत ने कभी उन पर दबाव बनाने की कोशिश नहीं की।
सिराज की इस हरकत से नाखुश गावस्कर
ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ पहली पारी में 337 रन बनाए और 157 रन की बढ़त बनाई। इस दौरान ट्रेविस हेड का अहम योगदान रहा। उन्होंने 140 रनों की मजबूत पारी खेली। 82वें ओवर की चौथी गेंद पर सिराज ने उन्हें बोल्ड किया और भारत को राहत की सांस दी। हालांकि सिराज अपना आपा खो बैठे और उन्होंने आक्रामकता दिखाई जिस पर हेड ने भी पवेलियन लौटते समय सिराज से कुछ कहा। अब गावस्कर ने सिराज के इस रवैये पर अपने विचार व्यक्त किए हैं।
पूर्व सलामी बल्लेबाज ने कहा, अगर मोहम्मद सिराज ने ट्रेविस हेड को आउट करने के बाद उनके शतक का अभिवादन करते हुए उनको सम्मान दिया होता तो वो इस मैदान पर दर्शकों के हीरो बन जाते लेकिन उन्होंने इसका उलट किया। शतक जमाने वाले लोकल हीरो के खिलाफ ऐसी हरकत करना बिल्कुल सही नहीं है।