फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AUS Pink Ball Test: डे-नाइट टेस्ट में भारत का रिकॉर्ड, 75% मैच जीते, एडिलेड में ही मिली है एकमात्र हार

Sat, 30 Nov 2024 03:09 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, एडिलेड

सार

भारत के लिए अच्छी बात यह है कि नियमित कप्तान रोहित शर्मा की वापसी हो चुकी है। इसके अलावा शुभमन गिल भी फिट होने की कगार पर हैं। इन दोनों की वापसी से भारतीय बल्लेबाजी मजबूत हो जाएगी।
विज्ञापन
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया डे नाइट टेस्ट - फोटो : BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला एडिलेड में छह दिसंबर से खेला जाएगा। यह गुलाबी गेंद से खेला जाने वाला डे-नाइट टेस्ट होगा। पर्थ में 295 रन से जीत हासिल करने के बाद भारतीय टीम आत्मविश्वास से लबरेज है। वहीं, दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने घर में हार से परेशान है। हालांकि, डे-नाइट टेस्ट अलग बात होगी। ऐसे मैचों में ऑस्ट्रेलियाई टीम कड़ी टक्कर देती है और उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। 
विज्ञापन

रोहित और शुभमन गिल फिट हुए

भारतीय टीम - फोटो : BCCI
भारत के लिए अच्छी बात यह है कि नियमित कप्तान रोहित शर्मा की वापसी हो चुकी है। इसके अलावा शुभमन गिल भी फिट होने की कगार पर हैं। इन दोनों की वापसी से भारतीय बल्लेबाजी मजबूत हो जाएगी। हालांकि, टीम मैनेजमेंट के सामने प्लेइंग-11 को लेकर परेशान होगा। रोहित और गिल को विनिंग कॉम्बिनेशन में फिट करना चिंता का विषय है। देवदत्त पडिक्कल का बेंच पर बैठना तय माना जा रहा है। इसके अलावा ध्रुव जुरेल भी बेंच पर बैठे दिख सकते हैं। सबसे बड़ी परेशानी यह होगी कि केएल राहुल को ओपनिंग भेजा जाएगा या उन्हें फिर से नंबर पांच पर भेजा जाएगा। आइए उससे पहले हम डे-नाइट टेस्ट या पिंक बॉल टेस्ट में भारत के आंकड़े देखते हैं...

भारत ने अब तक चार डे नाइट टेस्ट खेले

यशस्वी, रोहित, राहुल, शुभमन - फोटो : BCCI
भारत ने अब तक चार डे-नाइट टेस्ट खेले हैं। इसमें से तीन में उन्हें जीत मिली है, जबकि एक में हार का सामना करना पड़ा है। टीम इंडिया ने डे-नाइट टेस्ट में 75 फीसद मैच जीते हैं। जिस एकमात्र टेस्ट में भारतीय टीम को हार मिली थी, वह चार साल पहले एडिलेड में ही खेला गया था। यह 2020/21 में भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे का पहला टेस्ट था। विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम इंडिया को इसमें आठ विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा था।

2020 में एडिलेड में भारत-ऑस्ट्रेलिया मैच में क्या हुआ था?

एडिलेड 2020 टेस्ट - फोटो : BCCI
एडिलेड में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 244 रन बनाए थे। चेतेश्वर पुजारा ने 43 रन और अजिंक्य रहाणे ने 42 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 191 रन पर ही सिमट गई थी। मार्नस लाबुशेन 47 रन और कप्तान टिम पेन ने 73 रन बनाए थे। भारतीय टीम दूसरी पारी में तहस नहस हो गई थी और सिर्फ 36 रन पर सिमट गई थी। यह भारत का टेस्ट में सबसे कम स्कोर भी है। पृथ्वी शॉ चार रन, मयंक अग्रवाल नौ रन,  जसप्रीत बुमराह दो रन, विराट कोहली चार रन, हनुमा विहारी आठ रन और ऋद्धिमान साहा चार रन बनाकर आउट हुए थे। वहीं, पुजारा, रहाणे और अश्विन खाता भी नहीं खोल सके थे। कमिंस ने चार और हेजलवुड ने पांच विकेट लिए थे। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने बढ़त मिलाकर 90 रन का लक्ष्य रखा था। ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट पर 93 रन बनाकर मैच जीत लिया था। मैथ्यू वेड ने 33 रन बनाए थे, जबकि जो बर्न्स 51 रन बनाकर नाबाद रहे थे। 

भारत ने पहला डे नाइट टेस्ट 2019 में खेला था

भारतीय टीम - फोटो : BCCI
भारत ने अपना पहला डे नाइट टेस्ट 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ खेला था और 46 रन से जीत हासिल की थी। यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डेन्स में खेला गया था। इसके बाद 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलने के बाद टीम इंडिया ने फरवरी 2021 में इंग्लैंड को अहमदाबाद में डे-नाइट टेस्ट में 10 विकेट से और फिर बेंगलुरु में मार्च 2022 में श्रीलंका को 238 रन से शिकस्त दी थी। डे-नाइट टेस्ट में भारत का उच्चतम स्कोर 347/9 का है। बांग्लादेश के खिलाफ टीम इंडिया ने इतने रन बनाए थे। वहीं, न्यूनतम स्कोर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 36 रन का है। टीम इंडिया 2020 में मिली हार को भुलाकर एक नई शुरुआत करना चाहेगी और पर्थ की तरह एडिलेड भी फतह करना चाहेगी।

विराट डे नाइट टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय

विराट कोहली - फोटो : Twitter
भारत के लिए डे-नाइट टेस्ट में सबसे ज्यादा रन विराट ने ही बनाए हैं। उन्होंने ऐसे चार मैचों में 46.16 की औसत से 277 रन बनाए हैं। वहीं, रोहित शर्मा तीन मैचों में 43.25 की औसत से 173 रन के साथ दूसरे नंबर पर हैं। लिस्ट में तीसरे स्थान पर श्रेयस अय्यर हैं। उन्होंने एक डे नाइट टेस्ट में 79.50 की औसत से 155 रन बनाए हैं। वहीं, गेंदबाजों की बात करें तो डे नाइट टेस्ट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट रविचंद्रन अश्विन ने लिए हैं। उन्होंने ऐसे चार मैचों में 18 विकेट झटके हैं। वहीं, अक्षर पटेल ने दो पिंक बॉल टेस्ट में 14 विकेट झटके हैं। उमेश यादव ने ऐसे दो मैचों में 11 विकेट लिए हैं।

डे-नाइट टेस्ट में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन
खिलाड़ी मैच कुल रन औसत
विराट कोहली 4 277 46.16
रोहित शर्मा 3 173 43.25
श्रेयस अय्यर 1 155 79.50

डे-नाइट टेस्ट में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट
खिलाड़ी मैच कुल विकेट औसत
रविचंद्रन अश्विन 4 18 13.83
अक्षर पटेल 2 14 9.14
उमेश यादव 2 11 15.54
विज्ञापन

डे नाइट टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के आंकड़े

हेजलवडु, एबॉट और डोगेट - फोटो : Twitter
ऑस्ट्रेलिया के लिए चिंता की बात यह है कि 2020 में कहर बरपाने वाले हेजलवुड दूसरे टेस्ट में नहीं खेलेंगे। वह चोटिल हैं। ऑस्ट्रेलिया का डे नाइट टेस्ट में असाधारण रिकॉर्ड है। उन्होंने अब तक 12 डे-नाइट टेस्ट खेले हैं, जिनमें से 11 में जीत हासिल की है, जबकि सिर्फ एक में हार का सामना करना पड़ा है। जो बात उनके रिकॉर्ड को और भी प्रभावशाली बनाती है, वह यह है कि उनकी जीत अलग अलग विरोधियों के खिलाफ आई है। इनमें भारत, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और वेस्टइंडीज शामिल हैं। ऑस्ट्रेलिया ने 2015 में एडिलेड में पहले अंतरराष्ट्रीय डे-नाइट टेस्ट में न्यूजीलैंड को तीन विकेट से हराया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें