मैथ्यू कुह्नेमैन और रवींद्र जडेजा
- फोटो : सोशल मीडिया
ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज मैथ्यू कुह्नेमैन भारतीय स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा से शानदार गुर सीखकर अपने स्वदेश लौट गए हैं। कुह्नेमैन का प्रदर्शन भारत के खिलाफ खत्म हुई चार मैचों की टेस्ट सीरीज में शानदार रहा था। कुह्नेमैन ने कहा कि जडेजा ने अपना वादा पूरा किया और अहमदाबाद में चौथा टेस्ट समाप्त होने के बाद 15 मिनट तक हर विषय पर चर्चा की।
उन्होंने कहा- लगभग 15 मिनट तक हमने बातचीत की। जडेजा ने मुझे बहुत अच्छी सलाह दी। हमने हर चीज पर बातचीत की।' क्वींसलैंड के 26 साल के कुह्नेमैन को मिचेल स्वेपसन की जगह टीम में शामिल किया गया था जो भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट से पहले पारिवारिक कारणों के चलते स्वदेश लौट गए थे।
स्वेपसन की मौजूदगी में कुहनेमन को क्वींसलैंड की टीम में जगह बनाने के लिए काफी मुश्किल होती है। कुह्नेमैन ने श्रीलंका के खिलाफ वनडे में पदार्पण किया था और इसके बाद भारत के खिलाफ सीरीज के लिए उन्हें बुलावा आ गया। उन्होंने भारत के खिलाफ सीरीज में तीन टेस्ट में नौ विकेट चटकाए थे। इंदौर में ऑस्ट्रेलिया की जीत में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी जिसमें एक पारी में पांच विकेट भी लिए थे।
ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी स्पिन गेंदबाज नाथन लियोन ने कुह्नेमैन और जडेजा के बीच बातचीत को लेकर व्यवस्था की थी। कुह्नेमैन ने कहा- लियोन ने अच्छी तरह से इसकी व्यवस्था की। जडेजा, टॉड मर्फी, लियोन और मुझसे प्रभावित थे और यह बात उनसे सुनकर अच्छा लगा। वह बहुत अच्छे थे और कहा कि उनसे कभी भी संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने मुझे इंस्टाग्राम पर एक संदेश भी भेजा जो अच्छा था।' एजेंसी