ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज साइमन कैटिच का मानना है कि युवा सैम कोंस्टास धीरे धीरे समझेंगे कि टेस्ट क्रिकेट की खूबसूरती और जुनून क्या होता है जो जसप्रीत बुमराह ने बॉक्सिंग डे टेस्ट में दूसरी पारी में उन्हें दिखाया। ऑस्ट्रेलिया के लिए 2001 से 2010 के बीच 56 टेस्ट खेल चुके कैटिच ने कहा कि कोंस्टास को अपनी स्वाभाविक बल्लेबाजी शैली बरकरार रखनी चाहिए।
उन्होंने कहा, 'यह कठिन है और जब आप 19 वर्ष की उम्र में डेब्यू करते हैं तो हाइप होना लाजमी है क्योंकि इस उम्र में बिरले ही खेल पाते हैं।' कोंस्टास ने पहली पारी में 65 गेंद में 60 रन बनाए थे और बुमराह की धुनाई की थी, लेकिन दूसरी पारी में बुमराह ने उन्हें आठ रन पर क्लीन बोल्ड किया। कैटिच ने कहा, 'एमसीजी पर पहली पारी में कोंस्टास ने जबर्दस्त साहस दिखाया। चूंकि हालात कठिन थे और उनका सामना इस सीरीज के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज जसप्रीत बुमराह से था।'
उन्होंने कहा, 'कोंस्टास ने बुमराह का डटकर सामना किया, लेकिन दूसरी पारी में उन्हें समझ में आया कि टेस्ट क्रिकेट इतना आसान नहीं है। हालात बदलते हैं और उन्हें बुमराह का सामना करना था। वह सिर्फ 19 साल के हैं, लिहाजा यह अपेक्षा नहीं की जा सकती कि वह फिनिशर का काम करें। उन्हें बहुत कुछ सीखना है, लेकिन उनमें क्षमता और प्रतिभा है।'
क्या उन्हें कोंस्टास में डेविड वॉर्नर की झलक मिलती है, यह पूछने पर कैटिच ने कहा कि सिर्फ तेवर और रणनीति में समानता है। उन्होंने कहा, 'तेवर और रणनीति के बारे में कह सकते हैं, लेकिन शैली के लिहाज से वह बिल्कुल अलग खिलाड़ी है। उन्हें अपना स्वाभाविक खेल ही दिखाना चाहिए।' कैटिच ने यह भी कहा कि अगर मिचेल मार्श गेंद और बल्ले दोनों से योगदान नहीं दे पा रहे हैं तो ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ताओं को दूसरे विकल्प पर विचार करना चाहिए।
उन्होंने कहा, 'इसमें कोई शक नहीं कि मार्श पर दबाव है क्योंकि वह ज्यादा गेंदबाजी नहीं कर पा रहे हैं। जोश हेजलवुड के चोटिल होने के बाद भी उन्होंने दो ही ओवर डाले जब पैट कमिंस और मिचेल स्टार्क ने ज्यादा गेंदबाजी की। वह एमसीजी पर बल्लेबाजी में भी नाकाम रहे, लिहाजा चयनकर्ताओं को इस टेस्ट के बाद फैसला लेना चाहिए।'
भारत के खिलाफ काफी क्रिकेट खेल चुके कैटिच ने यह भी कहा कि पिछले दो दशक में ऑस्ट्रेलिया का दौरान करने वाले जसप्रीत बुमराह सर्वश्रेष्ठ विदेशी गेंदबाजों में से है। उन्होंने कहा, 'उनके आंकड़े इसके गवाह हैं। मैंने पिछले 20 साल में जितने गेंदबाज देखें हैं या जितने के खिलाफ खेला हूं, वह सर्वश्रेष्ठ में से हैं। उनके पास नियंत्रण है, यॉर्कर, बाउंसर, सटीक लाइन और लेंथ है।'