ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय टीम 15 अक्तूबर को दो चरणों में दिल्ली से रवाना होगी। यात्रा की अंतिम रूपरेखा लॉजिस्टिक्स और टिकटों की उपलब्धता पर निर्भर करेगी। भारत को इस दौरे पर तीन वनडे और पांच टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है।
रोहित-कोहली दिल्ली में भारतीय टीम से जुड़ेंगे
समाचार एजेंसी पीटीआई ने बीसीसीआई से जुड़े सूत्र के हवाले से कहा, 'खिलाड़ियों का एक दल सुबह रवाना होगा, जबकि दूसरा समूह बिजनेस क्लास टिकटों की उपलब्धता के आधार पर शाम की उड़ान से ऑस्ट्रेलिया के लिए उड़ेगा।' पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली, साथ ही नवनियुक्त उपकप्तान श्रेयस अय्यर, टीम के बाकी सदस्यों के साथ रवाना होने से पहले नई दिल्ली में टीम से जुड़ेंगे। सूत्र ने बताया, 'विराट और रोहित या तो रवाना होने वाले दिन या उससे एक दिन पहले दिल्ली पहुंच जाएंगे।'
वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 19 अक्तूबर को पर्थ में खेला जाएगा। फिलहाल भारतीय टीम शुभमन गिल के नेतृत्व में वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज खेल रही है। पहला मुकाबला जीतकर भारतीय टीम ने 1-0 से बढ़त बना ली है जबकि दूसरा मैच 10 अक्तूबर से दिल्ली में ही खेला जाएगा। अगर यह मैच समय से पहले समाप्त हो जाता है तो वनडे टीम में शामिल खिलाड़ियों को घर जाकर छोटा सा ब्रेक लेने की अनुमति दी जा सकती है, जिसके बाद वे दिल्ली में फिर से एकत्र होंगे।
गंभीर ने दिया भारतीय टीम को आमंत्रण
ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए शुभमन गिल को वनडे टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है। उन्होंने रोहित शर्मा की जगह ली है। हालांकि रोहित और कोहली के वनडे भविष्य को लेकर अटकलें जारी हैं, लेकिन दोनों ने 2027 वनडे विश्व कप तक खेलने की इच्छा जताई है। इस बीच, मुख्य कोच गौतम गंभीर ने पूरी टीम को अपने राजेंद्र नगर स्थित आवास पर रात्रिभोज के लिए आमंत्रित किया है। इसका उद्देश्य टीम के बीच आपसी तालमेल और सौहार्द बढ़ाना है, ताकि ऑस्ट्रेलिया दौरे की शुरुआत सकारात्मक माहौल में हो।