भारतीय क्रिकेट टीम का इस साल के आखिर में ऑस्ट्रेलिया दौरा पर्थ की जगह एडिलेड या ब्रिस्बेन से शुरू हो सकता है। यह इसलिए क्योंकि पश्चिम ऑस्ट्रेलिया की प्रांतीय सरकार ने साफ किया है कि उनके राज्य में एकांतवास के नियमों में किसी तरह की भी ढील नहीं दी जाएगी।
ईएसपीएन क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, एडिलेड ओवल भारत के खिलाफ लगातार दो टेस्ट मैचों की मेजबानी करने की तैयारी कर रहा है। इनमें दिन रात्रि टेस्ट मैच भी शामिल है। इसके अलावा विक्टोरिया में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड बॉक्सिंग डे टेस्ट का आयोजन नहीं कर पाता है तो इसकी मेजबानी भी एडिलेड को सौंपी जा सकती है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी यूएई में आईपीएल में भाग लेने के बाद सीधे यहां पहुंचेंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) की शुरुआती योजना के अनुसार इंग्लैंड के दौरे पर गई ऑस्ट्रेलियाई टीम और भारतीय टीम को पहले पर्थ में प्रवेश करना था। श्रृंखला से पहले दोनों टीमों को एकांतवास के नियमों में ढिलाई के बीच पर्थ में अभ्यास करना था लेकिन अब सीए की योजना खटाई में पड़ती नजर आ रही है।