इयान चैपल ने ऑस्ट्रेलियाई टीम को नसीहत दी है
- फोटो : सोशल मीडिया
ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज इयान चैपल का मानना है कि नागपुर टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को मिली शर्मनाक हार ने टर्निंग पिचों पर अच्छी स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ उनकी कमजोरियों की पोल खोल दी है। चैपल ने अपनी टीम को चेतावनी दी है कि दौरे के अन्य मैचों में बेहतर करने के लिए उन्हें परिस्थितियों से तालमेल बिठाना होगा। पिच के बारे में सोचने से बेहतर है कि वह अपने प्रदर्शन पर फोकस करें। भारतीय स्पिनरों रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा के बेहतरीन प्रदर्शनों के आगे मेहमान टीम दूसरी पारी में भारत में अपने सबसे कम स्कोर 91 रन पर आउट हो गई और उसे पारी और 132 रन से हार का सामना करना पड़ा।
पूर्व कप्तान चैपल ने कहा- पहले टेस्ट ने टर्निग पिचों पर अच्छी स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की कमजोरी को उजागर कर दिया है। अगर वे इस झटके को भुलाकर आगे बढ़ते हैं तो उन्हें अच्छा परिणाम मिलेगा और यह उन्हें शृंखला में बनाए रखेगा। अगर वे डगमगाते हैं, तो वे बड़ी मुश्किल में पड़ जाएंगे।
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया
- फोटो : सोशल मीडिया
चैपल ने रविवार को एक क्रिकेट वेबसाइट से बातचीत में कहा- असलियत यह है कि भारत दुनिया भर में एक बहुत मजबूत टीम के रूप में विकसित हुआ है। वे घर में बहुत मजबूत हैं। अगर ऑस्ट्रेलियाई टीम, जिसकी भारत में स्पिन के खिलाफ कमजोरी है जगजाहिर, जल्दी से परिस्थितियों के अनुकूल खुद को नहीं ढालती, तो उन्हें आगे के मैचों में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
हालांकि, नागपुर टेस्ट के शुरू होने से पहले पिच से छेड़छाड़ के बड़े अतार्किक आरोप भी लगे थे। 79 साल के चैपल ने कहा कि पिच ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने के लिए मुश्किल नहीं थी। पिच के मामले में बेवजह ही गलत शोर मचाया गया। यह पहले दिन से ही भारतीय लाल मिट्टी की विकेट से ज्यादा कुछ नहीं थी। इसमें ऐसा नहीं था कि खेला ही न जा सके। मार्नस लाबुशेन और स्टीव स्मिथ ने खेलकर दिखाया भी लेकिन हम पहली पारी में बड़ा स्कोर नहीं कर सके। हमने पिच को लेकर कुछ ज्यादा ही चिंतन किया, हमें याद रखना होगा कि दोनों टीमें एक ही पिच पर खेली हैं।
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया
- फोटो : BCCI
भारत एक मजबूत टीम, घर में जीतने का है खास हुनर
चैपल ने कहा- हकीकत तो यह है कि भारत दुनिया में एक मजबूत टीम के रूप में विकसित हो गया है। खासतौर पर वह अपनी पिचों पर जीतना जानता है। उन्होंने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की शतकीय पारी की सराहना की जिन्होंने हालात के अनुकूल अपने को ढाला। चैपल ने ऑफ स्पिन ऑलराउंडर ट्रेविस हेड को टीम में शामिल न करने पर टीम प्रबंधन की आलोचना भी की। हालांकि अपने पहले टेस्ट में सात विकेट लेने वाले स्पिनर टॉड मर्फी की प्रतिभा को जमकर सराहा।