भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली ने 223 दिन बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की, लेकिन दोनों ही आधे घंटे भी क्रीज पर नहीं टिक सके। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में खेले जा रहे पहले वनडे मैच में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और रोहित-कोहली भी अपना प्रभाव नहीं छोड़ सके। ये दोनों खिलाड़ी चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल के बाद से पहली बार भारत के लिए खेलने उतरे, लेकिन इनकी वापसी यादगार नहीं रही।
भारत ने वनडे में गंवाया लगातार 16वां टॉस
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने भारत के खिलाफ पहले वनडे मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारत के लिए इस मैच में ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी वनडे डेब्यू कर रहे हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने भी दो नए चेहरों को मौका दिया है। भारतीय टीम पर्थ में खेले जा रहे पहले मैच में तीन तेज गेंदबाज और इतने ही ऑलराउंडरों के साथ खेलने उतरी है। भारतीय टीम वनडे में लगातार 16वां टॉस हारी है। भारत ने आखिरी बार इस प्रारूप में टॉस वनडे विश्व कप 2023 के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ जीता था।
भारत की खराब शुरुआत
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला वनडे मैच में बारिश ने खलल डाला जिस कारण मुकाबले को रोकना पड़ा। ओवरकास्ट कंडिशंस के बीच भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही है और उसने 8.5 ओवर में तीन विकेट पर 25 रन बनाए। हालांकि, कुछ समय बाद मैच दोबारा शुरू हुआ, लेकिन एक ओवर की कटौती की गई और मैच 49 ओवर का कराने का फैसला किया गया। भारत ने रोहित शर्मा, विराट कोहली और कप्तान शुभमन गिल का विकेट गंवा दिया। रोहित और कोहली ने सात महीने बाद भारतीय जर्सी में वापसी की है, लेकिन वह इसे यादगार नहीं बना सके।
खाता भी नहीं खोल सके कोहली
भारत को रोहित शर्मा के रूप में पहला झटका लगा है। रोहित 223 दिन बाद भारत के लिए खेलने उतरे, लेकिन सिर्फ 16 मिनट ही क्रीज पर टिक सके। रोहित जोश हेजलवुड की गेंद पर स्लिप में कैच थमा बैठे। रोहित अपना 500वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे हैं, लेकिन वह इसे यादगार नहीं बना सके और 14 गेंदों पर एक चौके की मदद से आठ रन बनाकर आउट हुए। रोहित शर्मा के बाद विराट कोहली भी पवेलियन लौट गए। कोहली खाता भी नहीं खोल सके और मिचेल स्टार्क की गेंद पर कोनोली को कैच थमा बैठे। रोहित और कोहली की वापसी से प्रशंसक काफी उत्साहित थे, लेकिन बल्ले से ये दोनों ही खिलाड़ी पहले मैच में फेल रहे। मैच भारतीय समायानुसार सुबह नौ बजे शुरू हुआ था और भारत ने रोहित-कोहली का विकेट साढ़े नौ बजने से पहले ही गंवा दिया था। यानी ये दोनों दिग्गज खिलाड़ी वापसी पर आधे घंटे भी क्रीज पर नहीं बिता सके।