भारत ने पिछले सप्ताह हाल ही में समाप्त हुई टी20 सीरीज में अफगानिस्तान को 3-0 से हराकर क्लीन स्वीप किया। इस सीरीज के जरिए भारत के कप्तान रोहित शर्मा और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की 14 महीने के बाद अंतरराष्ट्रीय टी20 में वापसी हुई। तीसरे टी20 मैच का नतीजा दो सुपर ओवर के बाद निकला। रोमांचक मुकाबले के बाद टीम इंडिया ने दूसरा सुपर ओवर अपने नाम किया और सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। हालांकि, दूसरे सुपर ओवर में रोहित शर्मा के बल्लेबाजी करने के बाद यह मैच विवादों में आ गया।
पहले सुपर ओवर में भारत को जीत के लिए 17 रन की जरूरत थी। 14 रन बनाने के बाद रोहित ओवर की पांचवीं गेंद पर पवेलियन लौट गए। ऐसा लग रहा था कि वह रिटायर आउट हुए हैं और नियमों के अनुसार कोई खिलाड़ी आउट होने के बाद दूसरे सुपर ओवर में बल्लेबाजी नहीं कर सकता। हालांकि, रोहित दूसरे ओवर में बल्लेबाजी करने के लिए आए, जिससे यह बहस छिड़ गई कि वह रिटायर हर्ट थे या रिटायर आउट थे।
इस घटना के बारे में बात करते हुए दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने कहा कि अगर कोई खिलाड़ी पहले सुपर ओवर में आउट हो जाता है तो वह दोबारा बल्लेबाजी नहीं कर सकता। उन्होंने यह भी कहा कि यह प्रसारकों की गलती हो सकती है। डिविलियर्स ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा "डबल सुपर ओवर अविश्वसनीय था। यदि आपको पहले सुपर ओवर में आउट करार दिया जाता है तो आप दोबारा बल्लेबाजी नहीं कर सकते। मुझे लगता है कि शायद वे दावा करेंगे कि वह चोट के कारण रिटायर हर्ट हो गए थे और शायद उन्हें आउट दिखाना, प्रयोजकों की गलती थी।"
डिविलियर्स ने भारत के बल्लेबाज रिंकू सिंह की भी जमकर तारीफ की और कहा कि वह मैच विजेता हैं और गेम जीतने के लिए उनकी निरंतरता की जरूरत है। "रिंकू एक शानदार खिलाड़ी है, मैच विजेता है और उसे लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हुए देखना अच्छा लगता है। आपको एक ऐसा खिलाड़ी बनने की जरूरत है जो हमेशा अपनी टीम के लिए गेम जीतने की कोशिश करता है।"
भारत के लिए 15 टी20 मैचों की 11 पारियों में, रिंकू ने 89.00 की औसत और 176 से अधिक की स्ट्राइक रेट से दो अर्धशतकों के साथ 356 रन बनाए हैं। वह टीम इंडिया के लिए फिनिशर के तौर पर नाम कमा रहे हैं।