भारतीय टीम ने पहले टी20 मुकाबले में अफगानिस्तान को एकतरफा अंदाज में हराया। भारत के लिए इस मैच में गेंदबाजी से लेकर बल्लेबाजी तक सब ठीक रहा। लेकिन अब जब दोनों टीमों के बीच मंगलवार को दूसरा टी20 खेला जाएगा तो एक बार फिर नजर इस पर होगी कि संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी में से किसे एकादश में मौका मिलेगा। पहले टी20 में सैमसन ने ओपनिंग की, लेकिन वह सस्ते में आउट हो गए।
सैमसन को रोटेट करेगा भारत?
सैमसन के जल्दी आउट होने से भारतीय पारी पर कोई असर नहीं पड़ा। अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने दूसरे विकेट के लिए मजबूत साझेदारी कर टीम इंडिया को आसानी से जीत दिलाई। लेकिन इससे वैभव की प्लेइंग-11 में वापसी की उम्मीदें मजबूत हुईं। लेकिन सवाल यही है कि क्या टीम प्रबंधन एक मैच के बाद ही संजू को बाहर करेगा। आम परिस्थितियों में भारतीय प्लेइंग-11 में बदलाव का कोई कारण नहीं दिखता, लेकिन वरुण चक्रवर्ती की चोट के बाद एकादश में परिवर्तन तय है। इस संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता कि भारत दूसरे टी20 में सैमसन को रोटेट कर वैभव को अभिषेक के साथ पारी की शुरुआत करने भेजे।
अभिषेक ने अपनी तूफानी पारी से अपनी फॉर्म को लेकर उठ रही शंकाओं को दूर कर दिया। शानदार फॉर्म में चल रहे ईशान किशन ने अभ्यास के दौरान पीठ पर लगी मामूली चोट को दरकिनार करते हुए 33 गेंदों में 42 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल था। श्रेयस अय्यर की टीम ने पहले मैच में हर मोर्चे पर शानदार प्रदर्शन किया। सैमसन के अलावा भारत की बल्लेबाजी भी शानदार रही। हालांकि, लक्ष्य कम होने से टीम इंडिया को पूरे 20 ओवर तक बल्लेबाजी का मौका ही नहीं मिला।
शिवम दुबे और जसप्रीत बुमराह
- फोटो : ANI
पांचवें गेंदबाज की समस्या हुई उजागर
हार्दिक पांड्या के चोटिल होने के कारण भारतीय टीम में पांचवें विश्वसनीय गेंदबाजी विकल्प की कमी महसूस हो रही है। अर्शदीप ने 19 रन देकर तीन विकेट लिए और अफगानिस्तान को आठ विकेट पर 156 रन पर रोकने में अहम भूमिका निभाई। जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती ने भी चोट से वापसी करते हुए अच्छा प्रदर्शन किया। वहीं, दूसरे टी20 से एक दिन पहले वरुण फिर चोटिल हो गए और सीरीज से बाहर हो गए। अब उनकी जगह रवि बिश्नोई प्लेइंग-11 में शामिल हो सकते हैं। लेकिन भारत को इस महीने के आखिर में होने वाले एशियाई खेलों से पहले पांचवें गेंदबाज की समस्या का समाधान करना होगा। अय्यर को उस स्थान की भरपाई करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी क्योंकि ऑलराउंडर शिवम दुबे और नीतीश कुमार रेड्डी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके। रेड्डी ने दो ओवरों में 30 रन लुटाए, जबकि आखिरी ओवर में गेंद संभालने वाले दुबे ने 21 रन दिए। अर्शदीप, बुमराह, अक्षर पटेल और चक्रवर्ती के अच्छे प्रदर्शन से भारत को पांचवें गेंदबाजी के विकल्पों का खराब प्रदर्शन भारी नहीं पड़ा लेकिन भविष्य में टीम को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।
नवीन उल हक पर नजर
पहले मैच में अफगानिस्तान भारत के सामने कहीं नहीं टिक पाया। उसके बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। अगर उसे भारत को कड़ी चुनौती देनी है तो उसके बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। अफगानिस्तान टीम में कोई बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है, लेकिन नवीन उल हक पर नजर होगी। नवीन चोट से वापसी कर रहे हैं, लेकिन सीरीज के पहले मैच में खेलने के लिए वह पूरी तरह फिट नहीं पाए गए।
भारत बनाम अफगानिस्तान
- फोटो : BCCI
इस मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:
भारत: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी/संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नीतीश रेड्डी, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, रवि बिश्नोई।
अफगानिस्तान: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान (कप्तान), गुलबदिन नईब, सेदिकुल्लाह अटल, डारविश रसूली, अजमातुल्लाह ओमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद, फजलहक फारूकी।
आइए जानते हैं इस मैच से जुड़ी लाइव स्ट्रीमिंग के बारे में सभी जानकारी...
भारत और अफगानिस्तान के बीच दूसरा टी20 मुकाबला कब खेला जाएगा?
भारत और अफगानिस्तान के बीच दूसरा टी20 मुकाबला 15 सितंबर को खेला जाएगा।
भारत और अफगानिस्तान के बीच दूसरा टी20 मुकाबला कहां खेला जाएगा?
भारत और अफगानिस्तान के बीच दूसरा टी20 मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा।
भारत और अफगानिस्तान के बीच दूसरा टी20 मुकाबला कितने बजे शुरू होगा?
भारत और अफगानिस्तान के बीच दूसरा टी20 मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा। टॉस इससे आधा घंटा पहले यानी शाम 7 बजे होगा।
भारत और अफगानिस्तान के बीच दूसरा टी20 मुकाबला कहां देख सकेंगे?
भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज का प्रसारण अधिकार सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास है। यह मुकाबला सोनी स्पोर्ट्स के चैनलों पर देखा जा सकेगा। दर्शक इस मुकाबले से जुड़ी लाइव अपडेट्स Amarujala.com पर भी पढ़ सकते हैं।