फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AFG Day-1: अफगानियों पर हावी रहे भारतीय, केएल-गिल के शतक से स्कोर 360 के पार; पंत-सुदर्शन भी चमके

Sat, 06 Jun 2026 05:35 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुल्लांपुर

सार

केएल राहुल (100) और कप्तान शुभमन गिल (नाबाद 103) के शानदार शतकों की बदौलत भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 85 ओवर में तीन विकेट पर 368 रन बना लिए। ऋषभ पंत (नाबाद 50) और गिल के बीच चौथे विकेट के लिए नाबाद 121 रन की साझेदारी ने टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। आइए जानते हैं पूरे दिन क्या-क्या हुआ...

विज्ञापन
भारत बनाम अफगानिस्तान (एकमात्र टेस्ट-पहला दिन) - फोटो : BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत और अफगानिस्तान के बीच शनिवार से शुरू हुए एकमात्र टेस्ट मुकाबले के पहले दिन टीम इंडिया का प्रदर्शन शानदार रहा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत ने पहली पारी में दिन का खेल समाप्त होने तक तीन विकेट पर 368 रन बनाए। स्टंप्स तक शुभमन गिल 103 और ऋषभ पंत 50 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
विज्ञापन

यशस्वी-केएल - फोटो : IANS
जायसवाल और राहुल ने दिलाई सधी शुरुआत
पहले दिन भारतीय बल्लेबाजों ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण पेश करते हुए अफगानिस्तान के गेंदबाजों को लगभग पूरे दिन दबाव में रखा। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने टीम को सधी हुई शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े। जायसवाल अच्छी लय में नजर आए और 32 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मोहम्मद सलीम की गेंद पर अफसर जजई ने कैच लपका।

केएल राहुल - फोटो : IANS
केएल का 12वां टेस्ट शतक
जायसवाल के आउट होने के बाद केएल राहुल और साई सुदर्शन ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 139 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर भारतीय पारी को मजबूत आधार दिया। राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 165 गेंदों पर 100 रन बनाए, जिसमें 11 चौके शामिल रहे। यह उनके टेस्ट करियर का 12वां शतक रहा। हालांकि, शतक पूरा करने के तुरंत बाद वह जियाउर रहमान की गेंद पर रहमानुल्लाह गुरबाज को कैच दे बैठे।

साई सुदर्शन - फोटो : IANS
सुदर्शन अर्धशतकीय पारी खेलकर लौटे
दूसरी ओर साई सुदर्शन ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 104 गेंदों में 81 रन बनाए और अपनी पारी में 13 चौके जड़े। वह शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन मोहम्मद सलीम ने उन्हें अफसर जजई के हाथों कैच कराकर भारत को दूसरा झटका दिया। उस समय टीम का स्कोर 180 रन था।

शुभमन गिल - फोटो : IANS
गिल का 11वां शतक, पंत का 19वां पचासा
इसके बाद कप्तान शुभमन गिल और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने मोर्चा संभाला और अफगान गेंदबाजी आक्रमण को कोई मौका नहीं दिया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए नाबाद 121 रनों की साझेदारी कर भारत को दिन के अंत तक बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। गिल ने कप्तानी पारी खेलते हुए 143 गेंदों में नाबाद 103 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और एक छक्का शामिल रहा। यह गिल का 11वां टेस्ट शतक है। वहीं, पंत ने अपने चिर-परिचित अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 70 गेंदों पर नाबाद 50 रन बनाए और करियर का 19वां टेस्ट अर्धशतक पूरा करने में कामयाब रहे। उनकी पारी में दो चौके और तीन छक्के शामिल रहे।
विज्ञापन

अफगानिस्तान टीम - फोटो : IANS
अफगानिस्तान की ओर से मोहम्मद सलीम सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 13 ओवर में 67 रन देकर दो विकेट झटके। जियार रहमान को एक सफलता मिली, जबकि अन्य गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों पर प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। नंगेयालिया खरोटे ने सबसे ज्यादा 20 ओवर फेंके, लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। पहले दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने 85 ओवर में 368/3 का मजबूत स्कोर खड़ा कर लिया है। टीम के पास अभी सात विकेट शेष हैं और दूसरे दिन उसकी नजरें 500 रन के बड़े स्कोर की ओर होंगी। वहीं अफगानिस्तान की कोशिश शुरुआती सत्र में जल्दी विकेट निकालकर भारत को बड़ी बढ़त लेने से रोकने की होगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें