धोनी पहुंच सकते हैं स्टेडियम
शुभमन गिल की जगह आगामी सीरीज में टीम के कप्तान नियुक्त किए गए केएल राहुल ने धोनी की मौजूदगी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, 'जाहिर है, हम सभी उनके (धोनी) अधीन खेल चुके हैं। हम सब उनके फ़ैन रहे हैं और उनके साथ ड्रेसिंग रूम भी साझा किया है। वे हमारे लिए एक दोस्त जैसे हैं। धोनी जैसे बड़े और सफल भारतीय क्रिकेटर को जानना अपने आप में एक खुशी की बात है। एक इंसान के तौर पर भी हमने हमेशा उनकी इज्जत की है।'
उन्होंने आगे कहा, 'अगर वह मैच देखने आते हैं, तो यह प्रशंसकों और हमारे लिए उत्साह को और बढ़ा देगा। हम खुश हैं कि उनके आने से माहौल और रोमांचक होगा। अगर भीड़ बड़ी संख्या में आएगी, तो हमें भी यहां खेलने में मजा आएगा। उम्मीद है कि हम अच्छा प्रदर्शन करेंगे, प्रशंसकों का मनोरंजन करेंगे, मैच जीतेंगे और धोनी भी यही चाहेंगे कि हम जीतें।'
रांची में धोनी के घर पहुंचे कोहली
इससे पहले धोनी और विराट कोहली को रांची में साथ स्पॉट किया गया था। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपने पुराने साथी और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को अपनी कार में ड्राइव करते हुए नजर आए। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि धोनी खुद कोहली को टीम होटल छोड़ने गए, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। फिर भी वीडियो में कोहली की मुस्कान और धोनी की सादगी देखकर फैन्स में पुरानी यादें ताजा हो गईं। उस दौर की यादें ताजा हो गईं, जब दोनों मिलकर भारतीय क्रिकेट का स्वर्णिम अध्याय लिख रहे थे।