इंदौर के होलकर क्रिकेट स्टेडियम में भारत और बांग्लादेश के बीच जारी पहले टेस्ट का पहला दिन टीम इंडिया के नाम रहा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेशी टीम महज 150 रन पर सिमट गई। जवाब में भारतीय टीम ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट के नुकसान पर 86 रन बना लिए। चेतेश्वर पुजारा (43) और मयंक अग्रवाल (37) क्रीज पर मौजूद हैं। इस तरह पहली पारी के आधार पर विराट के रणबांकुरे महज 64 रन पीछे हैं। टीम इंडिया का एकमात्र विकेट रोहित शर्मा (6) के रूप में गिरा। आठवें ओवर की दूसरी गेंद पर सलामी बल्लेबाज रोहित के रूप में टीम को पहला झटका लगा। अबू जायेद ने रोहित को लिटन दास के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। भारतीय गेंदबाजों ने एक बार फिर साबित किया कि क्यों इस टीम को दुनिया की नंबर एक टेस्ट टीम कहा जाता है।
अश्विन ने मोमिनल हक को 37 और फिर महमूदुल्लाह को 10 रन पर बोल्ड किया। इसी के साथ अश्विन ने घरेलू मैदान पर सबसे तेज 250 विकेट लेने के मामले में श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन की बराबरी कर ली। दोनों स्पिनर ने 42 टेस्ट में यह कारनामा किया। अश्विन ने इस मामले में भारत के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले (41 टेस्ट) को पीछे छोड़ दिया।
शमी ने मुश्फीकुर रहीम (43) को बोल्ड किया और फिर अगली ही गेंद पर मेहदी हसन मिराज को एलबीडब्ल्यू किया। यह दोनों विकेट 140 के कुल स्कोर पर ही गिरे। रहीम ने संघर्ष करते हुए 105 गेंदों का सामना किया और चार चौकों सहित एक छक्का लगाया।