इंग्लैंड ने भारत की अंडर-19 टीम को नॉर्थैम्पटन में खेले गए दूसरे वनडे मैच में एक विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ मेजबानों ने पांच मैचों की वनडे सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली। सोमवार को खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 49 ओवर में 10 विकेट पर 290 रन बनाए। उनके लिए विहान मलहोत्रा ने सर्वाधिक 49 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड ने थॉमस रियू की कप्तानी पारी की मदद से 49.3 ओवर में नौ विकेट खोकर 291 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इंग्लैंड की पारी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत झटके के साथ हुई थी। उनका पहला विकेट बीजे डॉकिंस के रूप में गिरा, जिन्हें युद्धजीत गुहा ने अपना शिकार बनाया। सके बाद अम्ब्रीश ने इसाक मोहम्मद को अपना शिकार बनाया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए बेन मेयस ने रॉकी फ्लिंटॉफ के साथ कुछ अच्छे शॉट खेले। हालांकि, दोनों क्रमश: 27 और 39 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद मोर्चा कप्तान थॉमस रियू ने संभाला। उन्होंने 131 रनों की दमदार पारी खेलकर टीम की जीत सुनिश्चित की। रियू ने 89 गेंदों में 16 चौके और छह छक्के की मदद से 131 रन बनाए। उनके अलावा जोसफ मोर्स ने 13, राल्फी अलबर्ट ने 18, जैक होम ने तीन और एलेक्स ग्रीन ने 12 रन बनाए। वहीं, सेबेस्टियन मोर्गन और एलेक्स फ्रेंच क्रमश: 20 और तीन रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की तरफ से आरएस अम्ब्रीश ने चार विकेट झटके जबकि हेनिल पटेल और युद्धजीत गुहा को दो-दो सफलताएं मिलीं। इसके अलावा कनिष्क चौहान ने एक विकेट अपने नाम किया।
भारत की पारी
इससे पहले भारत की शुरुआत भी झटके के साथ हुई थी। उन्हें एलेक्स फ्रेंच ने पहला झटका दिया। उन्होंने कप्तान आयुष म्हात्रे को बोल्ड किया। 17 वर्षीय बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल पाए। खराब शुरुआत के बावजूद वैभव सूर्यवंशी और विहान मल्होत्रा ने पारी को संभाला। दोनों क्रमश: 45 और 49 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद मौल्यराजसिन्ह चावड़ा और अभिज्ञान कुंडु ने कुछ अच्छे शॉट्स खेले और रन गति को धीमी नहीं पड़ने दिया। चावड़ा को ग्रीन ने बोल्ड किया। वह 43 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुए जबकि कुंडु 41 गेंदो में चार चौके की मदद से 32 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इंग्लैंड के खिलाफ राहुल कुमार और कनिष्क चौहान ने भी 290 तक स्कोर पहुंचाने में मदद की। दोनों ने क्रमश: 47 और 45 रनों की पारियां खेलीं। वहीं, आरएस अम्ब्रीश ने चार, मोहम्मद एनान ने छह, हेनिल पटेल ने सात और युद्धजीत गुहा ने एक* रन बनाया। इंग्लैंड की तरफ से एलेक्स फ्रेंच ने सर्वाधिक चार विकेट झटके जबकि जैक होम और एलेक्स ग्रीन को तीन-तीन विकेट मिले।