फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो मैचों में चूके, फिर बदला अंदाज और बरसाए रन: कैसे मिली कामयाबी? वैभव सूर्यवंशी ने खोला राज; बताई रणनीति

Tue, 24 Nov 2026 07:07 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दोहा

सार

वैभव सूर्यवंशी ने बताया कि पिछले दो मैचों में अच्छी शुरुआत के बावजूद बड़ी पारी नहीं खेल पाने के बाद उन्होंने अपनी रणनीति बदली थी। शुरुआत में संभलकर खेलने की योजना थी, लेकिन पिच से गेंदबाजों को मदद नहीं मिलती देख उन्होंने अपने स्वाभाविक आक्रामक अंदाज पर भरोसा किया।

विज्ञापन
वैभव सूर्यवंशी - फोटो : BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वैभव सूर्यवंशी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाते हैं। हालांकि, हर मैच में उनका इरादा पहली गेंद से बड़े शॉट खेलने का नहीं होता। परिस्थितियों को समझकर बल्लेबाजी करना और फिर अपने मजबूत पक्ष पर भरोसा जताना भी उनके खेल का हिस्सा है। इसका उदाहरण हाल ही में देखने को मिला, जब लगातार दो मैचों में अच्छी शुरुआत मिलने के बावजूद उसे बड़ी पारी में नहीं बदल पाने के बाद उन्होंने अपनी रणनीति में थोड़ा बदलाव किया। यूएई के खिलाफ 204 रनों की ऐतिहासिक पारी खेलने के बाद प्लेयर ऑफ द मैच बने वैभव ने बताया कि किस तरह उन्होंने शुरुआत में समय लेने की योजना बनाई, लेकिन पिच से गेंदबाजों को मदद नहीं मिलती देख अपने स्वाभाविक अंदाज में बल्लेबाजी शुरू कर दी।
विज्ञापन
Trending Videos

आज क्या था योजना?
वैभव ने बताया कि पिछले दो मुकाबलों में वह अच्छी शुरुआत करने के बावजूद उसे बड़ी पारी में नहीं बदल सके थे। ऐसे में इस मैच में उनकी योजना शुरुआत में थोड़ा समय लेने की थी। हालांकि, एक-दो गेंद खेलने के बाद उन्हें महसूस हुआ कि पिच से गेंदबाजों को ज्यादा मदद नहीं मिल रही है। इसके बाद उन्होंने अपनी ताकत पर भरोसा जताया और उसी अंदाज में बल्लेबाजी की, जिसके लिए वह जाने जाते हैं।

वैभव सूर्यवंशी - फोटो : BCCI
'पिच से मदद मिलती तो समय लेकर खेलता'
बल्लेबाजी के दौरान अपने दिमाग में चल रही बातों को लेकर वैभव ने कहा कि उनके मन में कोई खास रणनीति नहीं थी। उनका मानना था कि अगर विकेट से गेंदबाजों को मदद मिल रही होती तो वह संभलकर बल्लेबाजी करते और लंबी पारी खेलने पर ध्यान देते। लेकिन पिच अच्छी थी और गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आ रही थी। इसलिए उन्होंने अपने खेल पर भरोसा किया और खुलकर बल्लेबाजी की। उन्होंने कहा कि मैच में उतरने से पहले भी उनका माइंडसेट पहले जैसा ही था। उनका लक्ष्य क्रीज पर टिककर लंबी पारी खेलना था। अगर शुरुआत में खेल उनके नियंत्रण में नहीं रहता तो वह समय लेकर बल्लेबाजी करते। हालांकि, इस बार वह शुरुआत से ही खेल पर नियंत्रण बनाने में सफल रहे और इसके बाद अपनी शर्तों पर बल्लेबाजी की।

बिहार की कप्तानी को बताया मजेदार अनुभव
वैभव सूर्यवंशी को बिहार की कप्तानी की जिम्मेदारी भी मिली है। उन्होंने इस अनुभव को काफी मजेदार बताया। उनका कहना है कि टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही है और उन्हें उम्मीद है कि बिहार आगे भी इसी तरह खेलता रहेगा। टीम के सीनियर खिलाड़ियों के साथ अपने तालमेल पर वैभव ने कहा कि वह लंबे समय से इन खिलाड़ियों के साथ खेल रहे हैं, इसलिए उनके साथ काफी सहज महसूस करते हैं। टीम के खिलाड़ी खुलकर अपनी बात रखते हैं और जब भी किसी के पास कोई सुझाव होता है तो वह उसे साझा करता है। वैभव ने बताया कि वह सभी की बात सुनते हैं।

वैभव सूर्यवंशी - फोटो : BCCI
अंडर-19 के कोच की एक सलाह आज भी आती है काम
वैभव ने अपने कोच की उस सलाह का भी जिक्र किया, जो उन्हें अंडर-19 क्रिकेट के दिनों से मिलती रही है। उन्होंने बताया कि ऋषि सर हर मैच से पहले उन्हें एक ही बात कहते हैं कि अगर वह गेंद को ठीक से देखेंगे तो उनके लिए बल्लेबाजी करना आसान हो जाएगा। वैभव के मुताबिक, कोच की यह सलाह उनके लिए काफी अहम है और वह इसे लगातार अपनाने की कोशिश करते हैं।
विज्ञापन

दबाव महसूस होता है, लेकिन कुछ गेंदों में हो जाते हैं सहज
अपनी बल्लेबाजी के दौरान दबाव महसूस करने के सवाल पर वैभव ने साफ कहा कि उन्हें भी दबाव महसूस होता है। उनके मुताबिक, थोड़ा नर्वस होना स्वाभाविक है और यह इंसानी फितरत है। हालांकि, दो से चार गेंद खेलने के बाद वह सहज हो जाते हैं और फिर सामान्य तरीके से बल्लेबाजी करने लगते हैं। यूएई के खिलाफ बल्लेबाजी को लेकर उन्होंने कहा कि इस टीम के खिलाफ खेलकर उन्हें अच्छा लगता है। उनका मानना है कि अब उनका खेल फिर से लय में लौट आया है और वह टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों में भी इसी लय को बरकरार रखना चाहते हैं। वैभव ने उम्मीद जताई कि उनकी टीम सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में पहुंचेगी और वह वहां भी अपने अंदाज में बल्लेबाजी जारी रखेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें