भारत ए के दक्षिण अफ्रीका दौरे में लेग स्पिनर राहुल चाहर का गुस्सा देखने को मिला है। अंपायर के आउट न देने पर राहुल ने गुस्से में अपना चश्मा फेंक दिया। इस घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। राहुल की गेंद बल्लेबाज के पैर पर लगी थी और उन्होंने अंपायर से एलबीडब्ल्यू की अपील की, लेकिन अंपायर ने उनकी अपील खारिज कर दी। इसके बाद राहुल ने गुस्से में अपना चश्मा मैदान पर ही फेंक दिया। इस मैच में राहुल सबसे ज्यादा रन देने वाले भारतीय गेंदबाज रहे और उन्हें शुरुआत में कोई विकेट भी नहीं मिला था। इसके बाद अंपायर ने उनकी अपील खारिज की राहुल नाराज हो गए।
अफ्रीका की पहली पारी में भारत के लिए 128 ओवर राहुल चाहर कर रहे थे। ओवर की आखिरी गेंद पर अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्वेशिल स्ट्राइक पर थे और गेंद उनके पैर पर लगी। वीडियो देखकर ऐसा लग रहा है कि गेंद विकेट के ऊपर से जा रही थी, लेकिन राहुल का मानना था कि गेंद विकेटों पर लगती। हालांकि अंपायर ने आउट नहीं दिया और राहुल ने गुस्से में चश्मा फेंक दिया। इसके बाद अंपायर उनके साथ बात करते हुए भी दिखे।
अफ्रीका में राहुल का खराब प्रदर्शन
इस मैच की पहली पारी में राहुल चाहर ने 28.3 ओवर की गेंदबाजी की और 125 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया। पहली पारी में अफ्रीका ने सात विकेट खोकर 509 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। नवदीप सैनी और अर्जन नगवासवाला ने दो-दो विकेट लिए और उमरान मलिक को भी एक विकेट मिला। इसके जवाब में भारत ने अच्छी शुरुआत की और ओपनर पृथ्वी शॉ ने 45 गेंद में 48 रन बनाए। इसके बाद कप्तान प्रियांक पांचाल ने 96 और अभिमन्यू ईश्वरन ने 103 रन की पारी खेली। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत का स्कोर 308 रन पर चार विकेट और वह अफ्रीका से अभी भी 201 रन पीछे है।
भारत के लिए बाबा अपराजित और विकेटकीपर बल्लेबाज उपेन्द्र यादव अभी भी क्रीज पर जमे हुए हैं। इस मैच में अब सिर्फ एक दिन का खेल बचा है और अभी तक दूसरी पारी भी नहीं समाप्त हुई है। ऐसे में इस मैच के ड्रॉ होने की संभावना बहुत ज्यादा है।