भारत ए ने गुरूवार को पहले अनौपचारिक टेस्ट के अंतिम दिन सुबह दक्षिण अफ्रीका ए को आसानी से सात विकेट से शिकस्त देकर दो मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। ऑलराउंडर शिवम दुबे ने लगातार गेंद में दो छक्के जड़कर भारतीय टीम को जीत दिलाई।
महज 48 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ए ने दूसरी पारी में कप्तान शुभमन गिल (05) अंकित बावने (06) और के एस भरत (05) के रूप में विकेट गंवा दिए, लेकिन दुबे नाबाद (12) और रिकी भुई नाबाद ( 20) ने घरेलू टीम के लिए औपचारिकता पूरी की।
दक्षिण अफ्रीका ए के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी ने पहली पारी में 90 रन बनाने वाले गिल को बोल्ड किया, जिससे भारत ए ने 10 रन पर अपना पहला विकेट गंवा दिया। बावने 17 गेंद खेलने के बाद एनगिडी को विकेट दे बैठे, जबकि भरत को आफ स्पिनर दाने पिएट ने पवेलियन भेजा। दुबे ने पिएट की लगातार गेंदों पर दो गगनचुंबी छक्के जड़कर टीम को जीत दिला दी।
दक्षिण अफ्रीका ए ने दूसरी पारी में नौ विकेट पर 179 रन से खेलना शुरू किया और टीम 186 रन पर सिमट गई। मेजबान भारत ने को जीत हासिल करने में केवल 3.5 ओवर लगे। शारदुल ठाकुर ने लुथो सिपमाला को आठ रन पर बोल्ड किया। उन्होंने 31 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
स्पिनर शाहबाज नदीम (17 रन पर तीन विकेट) और जलज सक्सेना (22 रन पर दो विकेट) भारत ए के लिए दूसरी पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे। बुधवार को ग्रीनफील्ड स्टेडियम में केवल 20 ओवर का ही खेल हो सका था। भारत ए ने दक्षिण अफ्रीका ए की पहली पारी के 164 रन के जवाब में 303 रन बनाए थे।