मध्य प्रदेश के बल्लेबाज रजत पाटीदार ने 111 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन सरफराज खान चार रन से शतक चूक गए जिससे भारत-ए और इंग्लैंड लायंस के बीच दो दिवसीय अभ्यास मैच में शनिवार को ड्रॉ पर समाप्त हुआ। इंग्लैंड लायंस के 233 रन के जवाब में भारत-ए ने दूसरे दिन मैच की समाप्ति तक अपनी पहली पारी में आठ विकेट पर 462 रन बनाए। भारत-ए की टीम इस समय 229 रन से आगे थी। भारतीय टीम ने दिन की शुरुआत एक विकेट पर 123 रन से की, लेकिन उसने जल्द ही प्रदोष रंजन पॉल (21) का विकेट गंवा दिया। पाटीदार और सरफराज (96 ) ने इसके बाद तीसरे विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी की। पाटीदार ने अपनी पारी में 18 चौके और एक छक्का लगाया था।
भारतीय टीम में जगह हासिल करने वाले ध्रुव जुरेल (50) ने इसके बाद मानव सुतार (26) के साथ छठे विकेट के लिए 57 रन जोड़कर टीम को 400 रन के करीब पहुंचाया।