ऑस्ट्रेलिया दौरे पर मौजूद भारतीय टीम पृथकवास के कड़े नियमों के कारण गाबा में खेलने का इच्छुक नहीं है, जहां चौथा और आखिरी टेस्ट मैच खेला जाना है। रिपोर्टों के अनुसार टीम इंडिया क्वीन्सलैंड में पृथकवास के कड़े नियमों के कारण ब्रिस्बेन नहीं जाना चाहती है और इसके बजाय सिडनी में लगातार दो मैच खेलने के लिए तैयार है। तीसरा टेस्ट मैच गुरुवार से सिडनी में शुरू होगा।
इसके बाद जब क्वींसलैंड की स्वास्थ्य मंत्री से इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने सख्त लहजे में भारतीय टीम को चेतावनी दे डाली। रोस बैट्स ने कहा कि, 'नियम कोई विकल्प नहीं है। यदि भारतीय बनाए नियमों के साथ नहीं खेलना चाहते तो यहां न आए। यहां प्रोटोकॉल की अनदेखी के लिए कोई जगह नहीं है और हर व्यक्ति को इसका पालन करना होगा।'
उन्होंने आगे कहा कि, 'अगर भारतीय क्रिकेट टीम चौथे टेस्ट के लिए ब्रिस्बेन में अव्यवस्थित दिशानिर्देशों को लागू करना चाहती है, तो उन्हें नहीं आना चाहिए। सभी के लिए समान नियम लागू होने चाहिए।' भारत ने गाबा में अब तक एक भी मैच नहीं जीता है। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार भारतीय टीम ब्रिस्बेन में एक और कड़े पृथकवास में रहने की संभावना से खुश नहीं है क्योंकि ऑस्ट्रेलिया पहुंचने पर वह पहले ही 14 दिन तक पृथकवास पर रही थी।
भारतीय खिलाड़ियों का एक रेस्त्रां में खाना खाने का वीडियो सामने आने के बाद उप कप्तान रोहित शर्मा सहित पांच भारतीय खिलाड़ियों को अलग-थलग रखा गया और कोविड-19 जैव सुरक्षित प्रोटोकॉल के संभावित उल्लंघन की जांच शुरू कर दी गई है। चौथा और अंतिम टेस्ट मैच 15 जनवरी से खेला जाएगा। चार मैचों की श्रृंखला अभी 1-1 से बराबर है।