अधिकारी ने कहा, 'बीसीसीआई प्रतिष्ठित नामों पर गौर कर रहा है और फिलहाल हमारा ध्यान पांच नामों पर है जो उनकी उपलब्धता पर निर्भर करेगा। साथ ही हमने देखा है कि हितों का टकराव है या नहीं। सुनील गावस्कर, कपिल देव, अंशुमन गायकवाड़, शुभांगी कुलकर्णी और शांता रंगास्वामी जैसे कुछ नाम हैं जिनसे बीसीसीआई संपर्क कर सकता है और उनकी उपलब्धता को देखते हुए तीन सदस्यीय समिति का गठन करेगा। इनमें से गावस्कर शायद अपनी मीडिया प्रतिबद्धताओं के कारण समिति का हिस्सा नहीं बनें।
अधिकारी ने कहा, 'गावस्कर बड़ा नाम है लेकिन उनकी इतनी सारी मीडिया प्रतिबद्धताएं हैं। हालांकि जैसा कि गावस्कर के लेखों से पता चला है वह महिला क्रिकेट पर करीबी नजर रखते हैं और कपिल भी।' उन्होंने कहा, 'अंशुमन और शुभांगी भारतीय क्रिकेट जगह में सम्मानित हैं और स्वीकार्य नाम हैं।'
बीसीसीआई के वरिष्ठ अधिकारियों ने महिला कोच विवाद से निपटने के प्रशासकों की समिति के तरीके की आलोचना की थी और कहा कि अगर सीएसी के सदस्य पिछले साल विराट कोहली-अनिल कुंबले विवाद में अपनी अनदेखी के बाद चयन प्रक्रिया का हिस्सा बनने से इनकार करते हैं तो इससे हैरानी नहीं होगी। कुंबले ने कोहली के साथ मतभेद के बाद कोच के पद से इस्तीफा दे दिया था और सीएसी के आशंकाएं जताने के बावजूद कप्तान के जोर देने पर रवि शास्त्री को कोच नियुक्त किया गया था। इनपुट-भाषा