अफगानिस्तान क्रिकेट टीम
- फोटो : File
क्वींस स्पोर्ट्स क्लब, बुलावेयो में जिम्बावबे की टीम ब्रेंडन टेलर (89) और सिकंदर रजा (60) की उम्दा पारियों के बावजूद 196 रन पर ऑलआउट हुई। जिम्बाब्वे के अंतिम 6 विकेट सिर्फ 32 रन के अंतराल में गिरे। अफगानिस्तान की तरफ से कप्तान राशिद खान और मुजीब जदरान ने 3-3 और दौलत जदरान ने 2 विकेट लिए। जवाब में रहमत शाह (69) और मोहम्मद नबी (51) के अर्धशतकों की बदौलत एक समय अफगानिस्तान का स्कोर 156/3 था, लेकिन अगले 21 रनों में उनके 6 विकेट गिर गये और स्कोर 177/9 हो गया।
आखिरी विकेट के लिए दौलत जदरान (10*) और शापूर जदरान (7) ने 17 रन जोड़े, लेकिन आखिरी ओवर में आखिरी विकेट गिरने से अफगानिस्तान को एक और हार का सामना करना पड़ा। ब्लेसिंग मुजराबनी ने चार और लगातार दूसरे मैच में मैन ऑफ द मैच चुने गये सिकंदर रजा ने तीन विकेट लिए।
हरारे स्पोर्ट्स क्लब में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पापुआ न्यू गिनी ने मैन ऑफ द मैच टोनी उरा के शानदार 151 रनों की मदद से 235 रन बनाये। एंडी मैकब्रायन ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। जवाब में आयरलैंड ने कप्तान विलियम पोर्टरफील्ड (111) के 11वें शतक और एड जोयस की 53 रनों की शानदार पारी की बदौलत 49.1 ओवर में 6 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली।
बुलावेयो एथलेटिक क्लब में स्कॉटलैंड ने टॉस जीतकर मैन ऑफ द मैच टॉम सोल (4/15) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत हांगकांग को सिर्फ 91 रनों पर समेट दिया। जवाब में स्कॉटलैंड ने कप्तान कायल कोट्जर के 41 रनों की बदौलत 6 विकेट खोकर 23.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।