वर्ल्ड कप का बुखार पूरी दुनिया में कल से सिर चढ़कर बोलने वाला है। 14 फरवरी से 29 मार्च तक चलने वाला यह महा इंटरटेनमेंट सीरीज करीब डेढ़ माह तक चलेगा।
श्ानिवार को वर्ल्ड कप के दो मुकाबले क्रिकेट प्रशंसकों का मजा एक नहीं, दो भी नहीं बल्कि चार गुना कर देगा। क्योंकि इस दिन चार टीमें एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में उतरेगी।
क्रिकेट महाकुंभ के इस 11वें संस्करण का पहला मैच न्यूजीलैंड के क्रिस्टचर्च मैदान में श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच तड़के 3:30 को शुरु हो जाएगा। दोनों देश इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली बड़ी टीमें है। इन दोंनों अलग-अलग कारणों से इस बार खिताब का दावेदार माना जा रहा है।
एक तरफ 23 साल बाद वर्ल्ड की मेजबानी करने वाली न्यूजीलैंड की टीम जिसके खिलाड़ी अनुकूल हालात का फायदा उठाकर टीम को फाइनल तक पहुंचाने का दम रखते हैं।
वहीं दूसरी ओर 1996 वर्ल्ड की चैंपियन टीम श्रीलंका है, जिसकी बड़े टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाना आदत बन चुकी है। पिछले वर्ल्ड कप 2011 में श्रीलंका फाइनल तक पहुंच गई थी।
वैसे न्यूजीलैंड और श्रीलंका दोनों टीमें काफी संतुलित नजर आ रहे है। हालांकि न्यूजीलैंड को घरेलू हालात में हराना किसी भी टीम के लिए आसान काम नहीं है।
वह भी तब जबकि टीम के कप्तान ब्रैंडन मैककुलम विस्फोटक फॉर्म में हैं। साथ ही गेंदबाजों ने भी हालिया सीरीज में प्रभावशाली प्रदर्शन किया है।
वहीं श्रीलंकाई टीम का दारोमदार उसके अनुभवी बल्लेबाजों की तिकड़ी संगकारा, जयवर्धने और दिलशान पर होगा। जबकि गेंदबाजों की अगुआई लसिथ मलिंगा करेंगे, जिनका साथ कुलासेखरा, हेराथ, मैथ्यूज और धमिका प्रसाद देंगे।
ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा इंग्लैंड
इसके अलावा दूसरा मैच सुबह 9 बजे मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क इस मैच में नहीं खेल रहे है। उनके स्थान पर टीम की कमान जॉर्ज बैली या स्टीवन स्मिथ में से कोई एक कर सकते है। पिछली दो सीरीज में लगातार जीत के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम के हौसले बुलंद है।
वहीं, दूसरी ओर इंग्लैंड टीम को कम आंकना ऑस्ट्रेलिया के लिए भूल हो सकती है। भले ही वॉर्मअप मैच में इंग्लैंड टीम को पाकिस्तान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन त्रिकोणीय सीरीज में गत वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद टीम के हौसले बुलंद है।