कप्तान प्रियम गर्ग (56), यशस्वी जायसवाल (59) और विकेटकीपर ध्रुव जुरेल (52*) की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारत ने अंडर-19 विश्व कप में विजयी आगाज किया है। अपने पहले मुकाबले में भारतीय अंडर-19 टीम ने श्रीलंका को 90 रन से हराकर अपने अभियान की बेहतरीन शुरुआत की है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 50 ओवर्स में चार विकेट के नुकसान पर 297 रन बनाए। जवाब श्रीलंकाई अंडर-19 टीम 207 रन पर ही सिमट गई। भारत की इस जीत में सिद्धेश वीर को मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया। बल्लेबाजी में वीर ने नाबाद 44 रन और गेंदबाजी में उन्होंने छह ओवर्स में 34 रन देकर दो विकेट भी चटकाए। इसके अलावा रवि विश्नोई ने दो विकेट झटके।
भारत के लिए गर्ग ने 72 गेंद में दो चौके की मदद से 56 रन बनाए जबकि जायसवाल ने 74 गेंदों में आठ चौके की मदद से 59 रन बनाए। जुरेल थोड़े आक्रामक रहे, लेकिन उन्होंने 48 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 52 रन बनाए।
मैन ऑफ द मैच सिद्धेश ने भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की टीम के स्कोर को 297 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 27 गेंद में छह चौके और एक छक्का की मदद से 44 रन की नाबाद पारी खेली।
श्रीलंका अंडर-19 की ओर से अशियान डेनियल, कविंदू नधीशन, दिलशान मधुशांका और अम्शी डि सिल्वा ने एक-एक विकेट लिये। लक्ष्य का पीछा करने उतरे श्रीलंका के लिए कप्तान निपुन धनंजय परेरा ने 50 और रविंदु रसांथा ने 49 रन बनाए।
वहीं, दूसरे मैच में पाकिस्तान अंडर-19 टीम ने स्कॉटलैंड को सात विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कॉटलैंड की टीम महज 75 रन पर ही सिमट गई। जवाब में पाकिस्तान ने यह मुकाबला 11.4 ओवर में तीन विकेट खोकर जीत लिया।