पुणे टेस्ट में भारत को 333 रन से मिली करारी हार का असर भारतीय खिलाड़ियों की रैंकिंग पर दिखाई दिया। आईसीसी द्वारा जारी रैंकिंग में पुणे में ऑस्ट्रेलिया की जीत के हीरो रहे स्टीव ओ'कीफ को रैंकिंग में जबरदस्त फायदा हुआ है। पुणे टेस्ट में 70 रन देकर 12 विकेट हासिल करने वाले ओ'कीफ ने 33 स्थान की छलांग लगाकर रैंकिंग में 29वें पायदान पर आ गए हैं।
अश्विन को 9 और जडेजा को हुआ 17 अंकों का नुकसान
अश्विन और रविंद्र जडेजा
वहीं पुणे में 7 विकेट लेने वाले अश्विन को 9 रेटिंग अंको को नुकसान हुआ है। वहीं मैच में 5 विकेट हासिल करने वाले रविंद्र जडेजा को 17 अंकों का नुकसान हुआ। हालांकि रैंकिंग में अभी भी अश्विन 878 अंक के साथ पहले पायदान पर बने हुए हैं, लेकिन दूसरे पायदान पर जडेजा के साथ ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड पहुंच गए हैं। दोनों के 860 अंक हैं। जोश हेजलवुड को पुणे में केवल 1 विकेट हासिल हुआ। टॉप टेन गेंदबाजों में मिचेल स्टार्क को 7 अंकों का फायदा हुआ लेकिन इससे उनकी पोजीशन में कोई तब्दीली नहीं आई।
पुणे टेस्ट की पहली पारी में 4 विकेट लेने वाले उमेश यादव को 4 स्थान का फायदा हुआ। वह 34वें से 30वें स्थान पर पहुंच गए हैं। नई रैंकिंग में मोहम्मद शमी 21वें और इशांत शर्मा 23वें स्थान पर हैं। वहीं पुणे में 2 विकेट हासिल करने वाले जयंत यादव 62वें स्थान पर हैं।
टॉप 10 बल्लेबाजों में विराट के अलावा और कोई भारतीय नहीं
विराट कोहली
- फोटो : ESPN
बल्लेबाजों की सूची में पुणे में शतक जड़ने वाले स्टीव स्मिथ पहले और टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। स्टीव स्मिथ के अब तक की अपनी सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग अंक तक पहुंच गए हैं। उनके 939 अंक हो गए हैं। अन्य बल्लेबाजों की टॉप 10 सूची में विराट के अलावा और कोई भारतीय बल्लेबाज जगह नहीं बना सका। सूची में चेतेश्वर पुजारा 11वें और अजिंक्य रहाणे 17वें, मुरली विजय 30वें, लोकेश राहुल 46वें स्थान पर हैं।
पुणे टेस्ट में फ्लॉप होने के कारण विराट को 22 अंकों का नुकसान हुआ। वहीं टीम इंडिया की नई दीवार चेतेश्वर पुजारा भी पुणे में बल्ले से कमाल नहीं दिखा सके। इस कारण 10वें से 11वें स्थान पर खिसक गए। मुरली विजय 4 स्थान के नुकसान के साथ 30वें स्थान पर पहुंच गए। पुणे में अर्धशतक बनाने वाले इकलौते भारतीय लोकेश राहुल 11 स्थान का फायदा हुआ। इस कारण वह दुनिया के टॉप 50 बल्लेबाजों में जगह हासिल करने में सफल हुए।
ऑल राउंडर्स की रैंकिंग में अश्विन नंबर 1 और रविंद्र जड़ेजा तीसरे पायदान डटे हुए हैं। टीम रैंकिंग में टीम इंडिया अभी भी दुनिया की नंबर एक टीम बनी हुई है। वहीं स्टीव स्मिथ की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम दूसरे पायदान पर है।