अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने बुधवार को ताजा टेस्ट रैंकिंग जारी की है। भारत के विराट कोहली और कप्तान रोहित शर्मा शीर्ष-10 बल्लेबाजों में बने हुए हैं। शीर्ष-10 बल्लेबाजों में कोई बदलाव देखने को नहीं मिला है। ऑस्ट्रेलिया के मार्नस लाबुशेन टॉप पर बने हुए हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ दूसरे और न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन तीसरे स्थान पर हैं। इंग्लैंड के जो रूट चौथे और पाकिस्तान के बाबर आजम पांचवें स्थान पर हैं।
गेंदबाजों में टॉप-3 में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा है। तीन में से दो स्थानों पर भारतीय गेंदबाज हैं। ऑस्ट्रेलिया के मौजूदा कप्तान पैट कमिंस गेंदबाजों में शीर्ष पर बने हुए हैं। वहीं, रविचंद्रन अश्विन दूसरे और जसप्रीत बुमराह तीसरे स्थान पर हैं। पाकिस्तान के शाहीन अफरीदी चौथे और न्यूजीलैंड के काइल जेमीसन पांचवें स्थान पर बने हुए हैं। शीर्ष दस गेंदबाजों में भारत के दो ही गेंदबाज हैं।
आईसीसी ने नई रैंकिंग श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच हुए टेस्ट मैच के बाद जारी की है। ऑलराउंडर्स की लिस्ट में भारत के रवींद्र जडेजा शीर्ष पर बरकरार हैं। वहीं, अश्विन दूसरे स्थान पर हैं। वेस्टइंडीज के जेसन होल्डर तीसरे स्थान पर हैं। बांग्लादेश शाकिब चौथे और इंग्लैंड के बेन स्टोक्स पांचवें स्थान पर हैं। श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच हुए पहले टेस्ट में बांग्लादेश की ओर से 88 रन बनाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास तीन स्थान के फायदे के 17वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
पहले टेस्ट में मैन आफ द मैच रहे श्रीलंका के एंजेलो मैथ्यूज को पहली पारी में 199 रन बनाने का फायदा हुआ। वह पांच स्थान के फायदे के साथ बल्लेबाजों की रैंकिंग में 21वें पायदान पर पहुंच गए हैं। टेस्ट मैच में शतक जड़ने वाले बांग्लादेश के मुशफिकुर रहीम और तमीम इकबाल को भी फायदा हुआ है। मुशफिकुर ने 105 रन की पारी खेली थी। इससे उन्हें चार स्थान का फायदा हुआ और वह 25वें स्थान पर पहुंच गए हैं। तमीम छह स्थान के फायदे के साथ 27वें पायदान पर पहुंच गए हैं।
तमीम ने पहले टेस्ट में 133 रन की पारी खेली थी। गेंदबाजों की रैंकिंग में बांग्लादेश के शाकिब अल हसन को एक स्थान का फायदा हुआ और वह 29वें पायदान पर पहुंच गए। शाकिब ने मैच में चार विकेट चटकाए थे। बांग्लादेश के ऑफ स्पिनर नईम हसन ने पहली पारी में 105 रन देकर छह विकेट चटकाए थे। वह नौ स्थान के फायदे के साथ 53वें स्थान पर पहुंच गए हैं। श्रीलंका के तेज गेंदबाज कासुन रजीता 75 से 61वें और असित फर्नांडो भी शीर्ष 100 गेंदबाजों में शामिल हो गए हैं।