बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच चटगांव में संपन्न पहला टेस्ट बेनतीजा रहा। मगर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बांग्लादेश क्रिकेट को तगड़ा झटका दिया। आईसीसी ने चटगांव की पिच को औसत से खराब करार दिया है। यही नहीं अब उस पर एक डीमेरिट अंक भी लगा दिया है।
यह डीमेरिट अंक अगले पांच सालों तक लागू रहेगा। इस दौरान अगर जहूर अहमद चौधरी स्टेडियम के पांच डीमेरिट अंक हो जाते हैं, तो फिर वहां अगले 12 महीनों तक कोई इंटरनेशनल मैच नहीं खेला जाएगा।
आईसीसी मैच रैफरियों की पैनल के डेविड बून ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को भेजी रिपोर्ट में लिखा, 'पिच से तेज गेंदबाजों को कोई सीम नहीं मिली और गेंद को उछाल भी नहीं मिला। मैच के साथ पिच खराब होती चली गई और यह पूरी तरह से बल्लेबाजों की मददगार थी।'
इस मुकाबले में कुल 1533 रन बने,
बांग्लादेश की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए विशाल 513 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका ने भी 713 रन बना डाले। लेकिन पहली पारियों में इतन बड़े-बड़े स्कोर के बाद भी दूसरी पारी में गेंदबाजों को कोई मदद नहीं मिली। दूसरी पारी में बांग्लादेश की टीम ने 307 रन बनाए और मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ।