भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज लोकेश राहुल बल्लेबाजों की टी-20 रैंकिंग में पाकिस्तान के बाबर आजम के बाद दूसरे स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के सीमित ओवरों के कप्तान आरोन फिंच तीसरे स्थान पर हैं। एकदिवसीय गेंदबाजों की सूची में भारत के जसप्रीत बुमराह शीर्ष पर हैं। अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान टी-20 गेंदबाजों की सूची में शीर्ष पर हैं। टीम रैंकिंग में भारत वन-डे फॉर्मेट में दूसरे जबकि टेस्ट और टी-20 दोनों में तीसरे स्थान पर हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ साउथैम्पटन में ड्रॉ हुए तीसरे और अंतिम टेस्ट में 267 रन की पारी खेलने वाले इंग्लैंड के जैक क्राउली टेस्ट रैंकिंग में 53 स्थान की छलांग के साथ करियर के सर्वश्रेष्ठ 28वें पायदान पर पहुंच गए हैं। क्राउली ने सीरीज की शुरुआत 95वें स्थान से की थी, लेकिन में 320 रन की बदौलत वह सिर्फ आठ टेस्ट के बाद बेन स्टोक्स, जो रूट और जोस बटलर के बाद इंग्लैंड के चौथे शीर्ष बल्लेबाज बन गए हैं।
तीसरे टेस्ट में 152 रन बनाने वाले बटलर भी करियर के सर्वश्रेष्ठ 637 रेटिंग अंक के साथ 21वें पायदान पर पहुंच गए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ दो टेस्ट नहीं खेलने वाले बेन स्टोक्स ऑलराउंडरों की सूची में दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। वेस्टइंडीज के कप्तान जेसन होल्डर शीर्ष पर हैं।