आईसीसी ने जून महीने के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के लिए तीन खिलाड़ियों को नामांकित किया है। लिस्ट में दक्षिण अफ्रीका के दो और श्रीलंका का एक खिलाड़ी है। दक्षिण अफ्रीका ने पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया को हराकर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के खिताब पर कब्जा जमाया था। दक्षिण अफ्रीका की इस खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाने वाले एडेन मार्करम और कगिसो रबाडा को आईसीसी ने नामांकित किया है, जबकि श्रीलंका के पाथुम निसांका को भी सूची में शामिल किया गया है। विजेता का एलान कुछ दिन बाद होगा।
रबाडा, मार्करम और निसांका
- फोटो : ICC
मार्करम ने फाइनल में जड़ा था शतक
मार्करम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने पहली पारी में खाता नहीं खोला था, लेकिन दूसरी पारी में जबरदस्त वापसी करते हुए 207 गेंद में 14 चौके की मदद से 136 रन बनाए थे और दक्षिण अफ्रीका को चौथी पारी में 282 रन चेज करने में मदद की थी। चौथी पारी में ओपनिंग के लिए उतरने के बाद इस स्टायलिश बल्लेबाज ने वियान मुल्डर के साथ 61 रन और तेम्बा बावुमा के साथ 147 रन की साझेदारी निभाई थी और ऑस्ट्रेलिया को गेम से बाहर कर दिया था। इसी प्रदर्शन के आधार पर उन्हें नामांकित किया गया है।
रबाडा ने फाइनल में चटकाए नौ विकेट
वहीं, रबाडा दक्षिण अफ्रीका के प्रमुख अस्त्र साबित हुए थे। इस घातक गेंदबाज ने फाइनल में पहली पारी में पांच और दूसरी पारी में चार विकेट चटकाए थे। रबाडा की घातक गेंदबाजी की बदौलत ही दक्षिण अफ्रीका की टीम ऐतिहासिक लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 212 रन और दूसरी पारी में 207 रन पर समेटने में कामयाब हो पाई थी। रबाडा ने इस टेस्ट में 17वीं बार पारी में पांच विकेट लिए थे। साथ ही महान एलन डोनाल्ड को विकेट के मामले में पीछे छोड़ दिया था।
निसांका ने श्रीलंका की जीत में अहम भूमिका निभाई
श्रीलंका के पाथुम निसांका श्रीलंका की बांग्लादेश में 1-0 की टेस्ट सीरीज जीत में अहम भूमिका निभाई थी। दो मैचों की सीरीज में गॉल में खेला गया पहला टेस्ट ड्रॉ रहा था। हालांकि, निसांका ने इस टेस्ट की पहली पारी में 256 गेंद पर 23 चौके और एक छक्के की मदद से 187 रन बनाए थे। हालांकि, दूसरी पारी में वह 24 रन ही बना सके। फिर कोलंबो में खेले गए दूसरे टेस्ट में श्रीलंका की जीत में निसांका का अहम किरदार रहा था। उन्होंने इस टेस्ट की पहली पारी में 254 गेंद में 19 चौके की मदद से 158 रन बनाए थे। उन्हें दूसरे टेस्ट के लिए प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज के भी अवॉर्ड मिले।