महिला क्रिकेट को निखारने के लिए आईसीसी, अंडर-19 विश्व कप शुरू करने की योजना पर काम कर रहा है। अगले साल इसकी शुरुआत हो सकती है। अंडर-19 ने पुरुष क्रिकेट में कई दिग्गज खिलाड़ी दिए हैं। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली और कीवी कप्तान भी इसी टूर्नामेंट से ही चमककर आज विश्व क्रिकेट में धूम मचा रहे हैं।
अब दुनिया भर में महिला क्रिकेट को बढ़ाने के लिए जूनियर स्तर पर ऐसे टूर्नामेंट करवाने की योजना बनाई जा रही है। आईसीसी को उम्मीद है कि लड़कों की तरह टैलेंटेड लड़कियों को इससे अधिक मौके मिलेंगे साथ ही क्रिकेट को और देशों में बढ़वा मिलेगा।
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक कुछ माह पहले हुई आईसीसी की मीटिंग में पुरुष अंडर-19 वर्ल्ड कप की तरह महिला अंडर-19 विश्व कप की भी योजना बनाई गई। जिसकी सदस्याें ने तारीफ भी की। सूत्रों की माने तो इंग्लैंड या ऑस्ट्रेलिया में महिला अंडर-19 का पहला विश्व कप खेला जा सकता है।
अंडर-19 पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप अगले साल दक्षिण अफ्रीका में खेला जाएगा। भारत के लोढ़ा कमिटी की सिफारिश के बाद लड़कियों के लिए कई उम्र वर्ग में बीसीसीआई ने टूर्नामेंट की शुरुआत की। इस टूर्नामेंट के शुरू होने से जुनियर महिला खिलाड़यों को अपने क्रिकेटिंग भविष्य को लेकर नई संभावनाएं बनेंगी।