भारत, आस्ट्रेलिया और इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट बोर्ड (आईसीसी) तीन बड़े देशों के बीच और सीरीज करवाने के लिए दो स्तरीय टेस्ट व्यवस्था की संभावना पर विचार कर रहा है।
इस महीने के अंत में शुरू हो सकती है चर्चा
'द ऐज' की रिपोर्ट के अनुसार आईसीसी के नये चेयरमैन जय शाह इस महीने के आखिर में इस मामले में क्रिकेट आस्ट्रेलिया के चेयरमैन माइक बेयर्ड और क्रिकेट इंग्लैंड के प्रमुख रिचर्ड थॉम्पसन से बात करेंगे।
अखबार ने सूत्रों के हवाले से कहा, 'टेस्ट क्रिकेट में दो स्तरीय व्यवस्था की कोई भी योजना 2027 में मौजूदा भावी दौरा कार्यक्रम खत्म होने के बाद ही शुरू होगी।'
सैकिया जल्द संभाल सकते हैं बीसीसीआई सचिव का पद
बीसीसीआई इस समय 12 जनवरी को मुंबई में आमसभा की विशेष बैठक की तैयारी में है जिसमें अंतरिम सचिव देवजीत सैकिया पूर्णकालिक पद संभालेंगे। सैकिया को शाह के आईसीसी चेयरमैन बनने के बाद रिक्त हुए पद पर कार्यवाहक सचिव चुना गया था।
बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा, 'हमें अभी तक इसकी कोई जानकारी नहीं है । एसजीएम की तैयारी की जा रही है और आस्ट्रेलिया के हाल ही में खत्म हुए दौरे पर भी बात की जायेगी । कुछ साल पहले इस पर बात हुई थी लेकिन तब से कुछ नहीं सुना।'