फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AUS: पिच विवाद पर ऑस्ट्रेलिया को नहीं मिला आईसीसी का साथ, दिल्ली और नागपुर पिच को मिली यह रेटिंग

Fri, 24 Feb 2023 11:31 AM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज के दोनों मुकाबले तीन दिन के अंदर खत्म हुए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने स्पिन पिच को लेकर काफी बवाल भी किया है, लेकिन आईसीसी ने दिल्ली और नागपुर की पिच को औसत करार दिया है। 
 
विज्ञापन
पिच की जांच करते ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले दो टेस्ट के लिए नागपुर और दिल्ली की पिच को आईसीसी ने औसत रेटिंग दी है। भारत औऱ ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज में स्पिन पिच चर्चा का विषय रही हैं। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने इसे लेकर काफी बवाल किया है, लेकिन आईसीसी के मैच रेफरी जिम्बाब्वे के एंडी पाइक्रॉफ्ट दोनों मैच की पिच को औसत करार दिया है। 
विज्ञापन


औसत दर्जे का मतलब है कि पिच इससे बेहतर हो सकती थी, लेकिन इसमें कोई खराबी नहीं है। अगर किसी पिच को खराब या अयोग्य करार दिया जाता है तो मेजबान देश को इस पर जवाब देना होता है और आईसीसी कार्रवाई भी कर सकता है।

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने दूसरे टेस्ट में दो दिन तक बेहतरीन खेल दिखाया था और मैच में भारत से आगे थी, लेकिन तीसरे दिन कंगारू टीम अपनी दूसरी पारी में 113 रन पर सिमट गई और आसानी से मैच भारत की झोली में चला गया।
विज्ञापन

नागपुर की पिच को लेकर ऑस्ट्रेलियाई टीम ने काफी बवाल किया था। स्टार बल्लेबाज डेविड वॉर्नर और स्टीव स्मिथ को मैच शुरू होने से पहले पिच की बारीकी से निगरानी करते और पिच की कठोरता को जांचने के लिए कई जगहों पर दबाते देखा गया था। पिच के चुनिंदा हिस्से में पानी डालने की तस्वीरें भी सोशल मीडिया में सामने आई थीं। ऑस्ट्रेलिया का आरोप था कि पिच में इस तरह से पानी डाला गया है कि बाएं हाथ के बल्लेबाजों के सामने का हिस्सा सूखा रहे और स्पिन गेंदबाज शुरुआत से ही परेशान हों, क्योंकि ऑस्ट्रेलियाई टीम में बाएं हाथ के बल्लेबाज ज्यादा हैं।  

सतह को लेकर वार्नर की चिंता उनके अभ्यास करने के तरीके से साफ झलक रही थी। उन्होंने नेट्स सत्र के दौरान दाएं हाथ से बल्लेबाजी की और मैच के दौरान ऐसा करने पर भी विचार किया।

भारतीय स्पिनर सतह का बेहतर उपयोग करने में सक्षम थे। दोनों मैच तीन दिन में समाप्त हो गए, जिसमें रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा की स्पिन जोड़ी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों पर हावी रही। ऑस्ट्रेलिया के लिए जडेजा और अक्षर पटेल को आउट करना मुश्किल साबित हुआ। स्पिन दिग्गज नाथन लियोन, टॉड मर्फी, पैट कमिंस, स्कॉट बोलैंड उन्हें कम स्कोर पर आउट करने में नाकाम रहे। जडेजा और पटेल ने सीरीज में संयुक्त रूप से 254 रन बनाए हैं, जो ऑस्ट्रेलियाई टीम में खेलने वाले सात बाएं हाथ के बल्लेबाजों उस्मान ख्वाजा, ट्रैविस हेड, एलेक्स केरी, वार्नर, मैट कुह्नमैन, मैट रेनशॉ और मर्फी के 242 रन से अधिक हैं।
विज्ञापन

ऑस्ट्रेलिया के बेन ओलिवर ने भारतीय पिचों के लिए अपनी टीम की संक्षिप्त तैयारी का बचाव किया, लेकिन उनके पूर्ववर्ती पैट हावर्ड ने बताया कि तैयारी के लिए लंबी अवधि की आवश्यकता है। 2017 में भारत की अपनी पिछली यात्रा के दौरान, ऑस्ट्रेलिया ने 1-0 की बढ़त ले ली थी, लेकिन 2-1 से सीरीज हार गई थी।

भारत एक मार्च से इंदौर में तीसरा टेस्ट खेलेगा, जबकि अंतिम टेस्ट नौ मार्च से अहमदाबाद में होगा। ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच पहला वनडे 17 मार्च को मुंबई में होगा। दूसरा मैच 19 मार्च से वाइजैग और तीसरा मैच 22 मार्च से चेन्नई में होगा।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे और चौथे टेस्ट के लिए भारत की टेस्ट टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, केएस भरत (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव , रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, उमेश यादव और जयदेव उनादकट।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की वनडे टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, लोकेश राहुल, ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या (उपकप्तान), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमरान मलिक, शार्दुल ठाकुर, अक्षर पटेल और जयदेव उनादकट।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें