अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने मंगलवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दो क्रिकेटरों मोहम्मद नावेद और शैमान अनवर बट्ट को मैच फिक्सिंग का दोषी पाया। दोनों 2019 टी-20 विश्व कप क्वॉलीफायर के दौरान मैच फिक्सिंग में लिप्त पाए गए थे।
यूएई के पूर्व कप्तान नावीद और शीर्ष क्रम के बल्लेबाज शैमान को आईसीसी भ्रष्टाचार निरोधक संहिता के तहत दो अपराधों का दोषी पाया गया है। इसके बाद उन्होंने पंचाट के सामने सुनवाई के अपने अधिकार का इस्तेमाल किया था।
आईसीसी ने स्वतंत्र भ्रष्टाचार निरोधक पंचाट की सुनवाई के बाद बयान में कहा, ‘यह दोनों खिलाड़ी निलंबित रहेंगे और नियत समय पर उन पर प्रतिबंध लगाया जाएगा।’ इसमें कहा गया है, ‘ये दोनों खिलाड़ी आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप क्वॉलीफायर 2019 के मैचों को फिक्स करने या परिणामों को प्रभावित करने के लिए एक समझौते या प्रयास में शामिल थे।’
इन दोनों को इसी टूर्नामेंट के दौरान भ्रष्ट पेशकश के बारे में भ्रष्टाचार निरोधक इकाई को सूचित नहीं करने का दोषी भी पाया गया। इससे पहले भी तेज गेंदबाज नावीद को 2019 में टी-10 लीग के दौरान इसी तरह के उल्लंघन का दोषी पाया गया था।
गौरतलब है कि दोनों संयुक्त अरब अमीरात के सबसे अनुभवी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों में से हैं। 41 वर्षीय अनवर एकदिवसीय और टी-20 प्रारूपों में उनके सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं तो वहीं 33 वर्षीय नावेद ने सबसे अधिक विकेट चटकाए हैं और टीम के पूर्व कप्तान भी हैं।
दोनों को आईसीसी भ्रष्टाचार निरोधक संहिता के अनुच्छेद 2.1.1 और 2.4.4 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। नावेद को टी-10 लीग 2019 में इन्हीं दोनों अनुच्छेदों के उल्लंघन का भी दोषी पाया गया है।