अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के निवर्तमान मुख्य कार्यकारी डेविड रिचर्डसन ने कहा कि बारिश से प्रभावित विश्व कप मैचों केलिए अलग से दिन (रिजर्व डे) रखना टूर्नामेंट की लंबी अवधि को देखते हुए व्यावहारिक रूप से असंभव है।
श्रीलंका के पाकिस्तान और बांग्लादेश के खिलाफ दोनों मैच बारिश की भेंट चढ़ गए। इन दोनों मैचों में एक गेंद भी नहीं डाली जा सकी। दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच एक अन्य मैच केवल 7.3 ओवर के खेल के बाद रद्द कर दिया गया जिसके बाद मैचों के लिए अलग से सुरक्षित दिन रखने की मांग उठ रही है।
रिचर्डसन ने कहा, ‘विश्व कप के हर मैच के लिए एक अन्य दिन भी तय करने से टूर्नामेंट की अवधि और लंबी खिंच जाएगी और व्यावहारिक तौर पर इसे संचालित करना बेहद जटिल होगा।’ रिचर्डसन ने कहा, ‘यह पूरी तरह से बेमौसम की बरसात है।
पिछले दो दिन में यहां जितनी बारिश हुई वह पूरे जून में होने वाली औसत बारिश से दोगुनी है। जून को ब्रिटेन में सबसे सूखा महीना माना जाता है। पिछले साल 2018 में जून में केवल दो मिमी बारिश हुई थी लेकिन पिछले 24 घंटों में ही दक्षिण पूर्व इंग्लैंड में 100 मिमी बारिश हो गई। ’