फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पाकिस्तान की किरकिरी: आईसीसी ने सीनियर पुरुष टूर्नामेंट की मेजबानी से रखा वंचित, भारत में होंगे दो बड़े आयोजन

Sun, 15 Nov 2026 09:13 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

आईसीसी ने 2028 से लेकर 2035 तक पुरुष टूर्नामेंट का कैलेंडर जारी कर दिया है। इसके तहत भारत 2029 में चैंपियंस ट्रॉफी और 2031 में बांग्लादेश के साथ वनडे विश्व कप की मेजबानी करेगा। हालांकि, इस दौरान पाकिस्तान को एक भी टूर्नामेंट की मेजबानी नहीं मिली है।
विज्ञापन
मोहसिन नकवी - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

क्रिकेट की वैश्विक संस्था आईसीसी ने 2028 से 2035 तक का पुरुष आईसीसी टूर्नामेंट का कार्यक्रम रविवार को जारी कर दिया। इंडोनेशिया के बाली में हुई आईसीसी की बैठक के बाद यह फैसला किया गया। इसके तहत जहां भारत को दो बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है, वहीं पाकिस्तान में एक भी सीनियर टूर्नामेंट इस दौरान नहीं होंगे। हालांकि, 2032 से लेकर 2035 तक जितने भी आईसीसी टूर्नामेंट होने हैं उसके मेजबान का एलान फिलहाल नहीं किया गया है। 
विज्ञापन
Trending Videos

आईसीसी टूर्नामेंट - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
भारत में कब-कब होंगे आईसीसी टूर्नामेंट?
आईसीसी ने 2028 से लेकर 2035 तक का जो कैलेंडर जारी किया है उसमें आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप, वनडे विश्व कप, चैंपियंस ट्रॉफी और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल शामिल हैं। दिलचस्प बात यह है कि इसमें से एक भी टूर्नामेंट की मेजबानी पाकिस्तान को नहीं मिली है। यहां तक कि बांग्लादेश को भी 2031 में भारत के साथ वनडे विश्व कप की संयुक्त मेजबानी दी गई है। आईसीसी ने इस दौरान भारत में दो बड़े टूर्नामेंट कराने का फैसला किया है। भारत 2029 में चैंपियंस ट्ऱॉफी और 2031 में बांग्लादेश के साथ वनडे विश्व कप की मेजबानी करेगा। इसके बाद 2035 में वनडे विश्व कप का आयोजन होगा। हालांकि, इस संस्करण के मेजबान देश का एलान अभी नहीं किया गया है। इसके अलावा 2033 में चैंपियंस ट्रॉफी का अगला संस्करण खेला जाएगा, जिसके मेजबान की घोषणा होना बाकी है।

आईसीसी - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
2031 तक पाकिस्तान में नहीं होगा आईसीसी पुरुष टूर्नामेंट
आईसीसी द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, 2028 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड संयुक्त रूप से टी20 विश्व कप की मेजबानी करेंगे। इसके बाद 2030 में इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड इस टूर्नामेंट की संयुक्त मेजबानी करेंगे। टी20 विश्व कप के अगले संस्करण 2032 और 2034 में आयोजित किए जाएंगे, हालांकि इनके मेजबानों के नाम अभी तय नहीं हुए हैं। 2028 से लेकर 2031 तक तो पाकिस्तान को आईसीसी के सीनियर टूर्नामेंट की मेजबानी से वंचित रखा गया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि उसे 2032 से लेकर 2035 तक होने वाले किसी सीनियर आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी मिलती है या नहीं।

2028 से लेकर 2035 तक का आईसीसी पुरुष टूर्नामेंट का शेड्यूल

वर्ष टूर्नामेंट मेजबान तारीख
2028 पुरुष टी20 विश्व कप ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड 12 अक्तूबर–12 नवंबर 2028
2029 डब्ल्यूटीसी फाइनल इंग्लैंड 8-12 जून 2029
2029 पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी भारत 9–28 अक्तूबर 2029
2030 पुरुष टी20 विश्व कप इंग्लैंड, आयरलैंड, स्कॉटलैंड 4 जुलाई-4 अगस्त 2030
2031 डब्ल्यूटीसी फाइनल इंग्लैंड 12–16 जून 2031
2031 पुरुष वनडे विश्व कप भारत, बांग्लादेश 9 अक्तूबर–23 नवंबर 2031
2032 पुरुष टी20 विश्व कप मेजबान तय नहीं 14 अक्तूबर–14 नवंबर 2032
2033 डब्ल्यूटीसी फाइनल मेजबान तय नहीं 9-13 जून 2033
2033 पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी मेजबान तय नहीं 2–23 अक्तूबर 2033
2034 पुरुष टी20 विश्व कप मेजबान तय नहीं 6 जुलाई–6 अगस्त 2034
2035 डब्ल्यूटीसी फाइनल मेजबान तय नहीं 7–11 जून 2035
2035 पुरुष वनडे विश्व कप मेजबान तय नहीं 2 अक्तूबर–18 नवंबर 2035
 

जूनियर या महिला कैलेंडर नहीं हुआ जारी
आईसीसी ने फिलहाल पुरुष क्रिकेट का कैलेंडर जारी किया है। इसमें जूनियर या महिला कैलेंडर शामिल नहीं है। पाकिस्तान भले ही उम्मीद करे कि उसे इन टूर्नामेंट की मेजबानी मिल सकती है, लेकिन सीनियर आईसीसी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट तो हाल फिलहाल में पाकिस्तान में नहीं होने जा रहा है। पाकिस्तान ने आखिरी बार 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी की थी। उस समय भारत ने हाईब्रिड मॉडल के तहत दुबई में अपने मैच खेले थे। इसका फाइनल में पाकिस्तान में नहीं हुआ था क्योंकि भारत खिताबी मैच में पहुंचा था जिस कारण दुबई में ये मैच हुआ था। 
विज्ञापन

क्या भारत आएगी पाकिस्तान की टीम?
आईसीसी ने भारत को दो बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी सौंपी है। भारत और पाकिस्तान पिछले कई वर्षों से एक दूसरे के खिलाफ सिर्फ बहु-राष्ट्रीय या आईसीसी टूर्नामेंट में ही खेलते हैं। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान भारत ने अपनी टीम पाकिस्तान भेजने से मना कर दिया था। वहीं, इस साल की शुरुआत में भारत-श्रीलंका की मेजबानी में हुए टी20 विश्व कप में पाकिस्तान ने अपने मैच श्रीलंका में खेले थे। अब जबकि 2029 में चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी भारत को मिली है तो यह देखना दिलचस्प होगा कि पाकिस्तान इसके लिए अपनी टीम भेजता है या नहीं। 2025 में हुए समझौते के अनुसार, भारत और पाकिस्तान के बीच हाईब्रिड मॉडल की सहमति बनी थी जिसमें दोनों देश अपने मैच तटस्थ स्थान पर खेलेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें