आईपीएल 2022 में राजस्थान रॉयल्स की टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है। आठ में से छह मैच जीतकर यह टीम अंक तालिका में पहले स्थान पर है, लेकिन टीम के कप्तान संजू सैमसन एक बार फिर अच्छी शुरुआत करने के बाद फ्लॉप रहे हैं। सैमसन हर मैच में अच्छी शुरुआत कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं। वेस्टइंडीज के पूर्व तेज गेंदबाज इयॉन बिशप का मानना है कि सैमसन इस साल मैच जिताऊ पारियां न खेलकर भारतीय टीम में आने का मौका बर्बाद कर रहे हैं। इसी साल अक्तूबर के महीने में टी20 विश्व कप होना है। इससे पहले शानदार बल्लेबाजी कर सैमसन टीम इंडिया में अपनी जगह पक्की कर सकते हैं।
बिशप ने ईएसपीएन क्रिकइनफो से बातचीत के दौरान कहा कि संजू भारतीय टीम में जगह बनाने का अच्छा मौका और अपनी अच्छी फॉर्म बर्बाद कर रहे हैं। जब जोस बटलर के बल्ले से रन न निकलें तो उन्हें अपनी टीम के लिए आगे आकर रन बनाने चाहिए, लेकिन वो ऐसा नहीं कर पा रहे हैं। सैमसन जब भी बल्लेबाजी करते हैं, उन्हें देखना शानदार होता है। हालांकि, अब तक उन्होंने निरंतरता के साथ रन नहीं बनाए हैं और अपनी बल्लेबाजी से मैच में ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं।
बैंगलोर के खिलाफ गंवाया मौका
सैमसन आखिरी बार श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा थे। बैंगलोर के खिलाफ जब जोस बटलर सस्ते में पवेलियन लौट गए थे, तब सैमसन के पास बड़ी पारी खेलकर टीम इंडिया के लिए दावेदारी करने का शानदार मौका था, लेकिन वो ऐसा नहीं कर पाए। वो अच्छी लय में भी दिख रहे थे, लेकिन वो तीन छक्के और एक चौके की मदद से सिर्फ 27 रन बना पाए। श्रीलंका को मिस्ट्री स्पिनर वनिंदू हसरंगा के खिलाफ रिवर्स स्वीप खेलने के प्रयास में वो आउट हो गए।
लगातार खराब शॉट खेल रहे हैं संजू
बिशप ने बताया कि वो संजू सैमसन के बड़े फैन हैं, लेकिन वो कई सालों से खराब शॉट खेलकर अच्छी फॉर्म और भारतीय टीम में जगह बनाने का मौका गंवा रहे हैं। वो अभी भी फॉर्म में हैं, लेकिन हसरंगा के खिलाफ वो बेहतर तरीके से खेल सकते थे। उन्हें रिवर्स स्वीप की जरूरत नहीं थी। वहीं न्यूजीलैंड के डेनियल विटोरी का मानना है कि सैमसन जरूरत से ज्यादा प्रयोग करते हैं। इसी वजह से वो अपना विकेट गंवा देते हैं। जब वो सीधे बल्ले से खेलते हैं तब वो शानदार लगते हैं, लेकिन वो हर तरह का शॉट खेलने की कोशिश में अपना विकेट गंवा देते हैं।
जब वो खेलते हैं तो उन्हें देखना बहुत आसान होता है, लेकिन तभी उन्हें सब कुछ बहुत सरल लगने लगता है और उनका ध्यान टूट जाता है। इसके बाद ही वो अपना विकेट गंवा देते हैं। सैमसन ने इस सीजन हैदराबाद के खिलाफ 55 और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 48 रन की पारी खेली थी। इसके अलावा उनके लिए यह सीजन कुछ खास नहीं रहा है।