ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज के बाद भारतीय कप्तान विराट कोहली ने कहा था कि इस सीरीज के बाद कुछ ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के साथ उनके रिश्ते खराब हुए हैं और वह कभी उन्हें अपना दोस्त नहीं मानेंगे। जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज नॉथन लायन ने कहा है कि वह कोहली के साथ दोस्ती का हाथ बढ़ाना चाहते हैं।
लॉयन ने कहा कि 'कोहली काफी भावुक किस्म के हैं, साथ ही वे एक उच्च कोटि के खिलाड़ी भी हैं। मैं जानता हूं वह मुझे क्रिसमस कार्ड नहीं देंगे लेकिन मैं उन्हें नींबू पानी जरूर पिलाना चाहूंगा।'
दरअसल मेहमान टीम के साथ डीआरएस नियम को लेकर काफी विवाद हुआ था। प्रेस कॉन्फ्रेस में दोनों टीमों के कप्तानों की तरफ से शब्दों की लड़ाई भी देखने को मिली थी जिसके बाद धर्मशाला में चौथे टेस्ट मैच की जीत के बाद और लगातार सातवीं लगातार टेस्ट सीरीज के बाद कोहली ने कहा था कि कुछ खिलाड़ियों के साथ उनके रिश्ते हमेशा के लिए खराब हुए हैं। हालांकि उन्होंने इसके बाद ट्वीट कर कहा कि सभी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के लिए उन्होंने यह बयान नहीं दिया था।
बता दें कि रांची टेस्ट में कोहली को कंधे पर चोट लग गई थी, जिसके बाद वह धर्मशाला में नहीं खेल सके थे। वहीं आईपीएल में वह रॉयल चेलेंजर बंगलूरू के लिए शुरुआती तीन मैच में शामिल नहीं हो सके लेकिन अब वह पूरी तरह से फिट हैं और मुंबई इंडियंस के खिलाफ शुक्रवार को मैदान पर उतरेंगे।