भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग सितंबर में होने वाली चैंपियंस लीग ट्वंटी-20 के लिए अपनी अकादमी में जबरदस्त तैयारी कर रहे हैं।
सहवाग यहां सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ) की 75वीं वर्षगांठ पर आयोजित होने वाली हॉफ मैराथन की घोषणा के दौरान सहवाग ने कहा, ‘मुझे चैंपियंस लीग में अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद है। मैंने इसके लिए हरियाणा के झज्जर स्थित अपनी अकादमी में तैयारियां शुरू कर दी हैं। मैं यहां लगातार नेट्स पर अभ्यास कर रहा हूं। मैं यहां 10 सितंबर तक ट्रेनिंग करूंगा और उसके बाद टूर्नामेंट के लिए अपनी टीम किंग्स इलेवन पंजाब से जुड़ जाऊंगा।’
सहवाग ने कहा, ‘सीआरपीएफ के अधिकारी और जवानों ने देश के लिए बहुत त्याग किया है। इस आयोजन का हिस्सा बनकर मैं काफी गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। यदि मैं 12 अक्तूबर को रेस वाले दिन दिल्ली में मौजूद रहा तो मुझे यहां आकर और प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाने में खुशी महसूस होगी।’
इस बीच जब सहवाग से पूछा गया कि क्या वह हाफ मैराथन और क्रॉस-कंट्री रेस में भाग लेंगे तो उन्होंने कहा, ‘मुझे टेस्ट मैच में भी 5-6 किलोमीटर भागने की जरूरत नहीं। मैं कभी 21 किलोमीटर नहीं भागा लेकिन हो सकता है की संन्यास के बाद मैं ऐसा करूं।’
एक अन्य सवाल के जवाब में सहवाग से पूछा गया कि यदि वह क्रिकेटर नहीं होते तो क्या करते। इस सवाल के जवाब में सहवाग ने कहा, ‘किसान, मेरे पिता एक किसान थे और हमारे पास हरियाणा में खेती करने लायक कुछ जमीन है। हो सकता है कि मैं उनके नक्शेकदम पर चलता और किसान बनता।’