टेस्ट में दुनिया के नंबर एक गेंदबाज दक्षिण अफ्रीका के डेल स्टेन ने कहा है कि दुनिया में उनसे भी कई बेहतर गेंदबाज हैं लेकिन प्रदर्शन की निरंतरता से वह इस मुकाम पर पहुंचे हैं। 287 टेस्ट शिकार कर चुके स्टेन ने संवाददाताओं से कहा, 'ईमानदारी से कहूं तो दुनिया में मुझसे भी बेहतर कई गेंदबाज हैं। लेकिन मैंने दक्षिण अफ्रीका के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है और यही वजह है कि मैं टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर बना हुआ हूं।'
अफ्रीकी तेज गेंदबाज ने कहा कि जब भी कप्तान ग्रीम स्मिथ को विकेट की जरूरत होती है तो वह मुझे गेंद थमा देते हैं और मैं खुद को भाग्यशाली समझता हूं कि मैं उनकी उम्मीदों पर खरा उतरता हूं। मैं हर मैच खेल रहा हूं और विकेट ले रहा हूं। इसका मतलब है कि मुझे रेटिंग अंक मिलते रहेंगे और मैं रैंकिंग में अपनी जगह पर बना रहूंगा।
स्टेन ने कहा, 'लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि मैं दुनिया का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज हूं। ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन टेस्टों की सीरीज अगले शुक्रवार से गाबा में शुरू होगी। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका आगामी शुक्रवार से ऑस्ट्रेलिया 'ए' के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी।
स्टेन, वेर्नोन फिलेंडर और मोर्न मोर्कल की तेज गेंदबाज तिकड़ी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की परीक्षा लेने को तैयार हैं। स्टेन ने पिछले दौरे में मेलबोर्न में दूसरे टेस्ट में गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। दक्षिण अफ्रीका की ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर यह पहली सीरीज जीत थी।